पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नशे से निपटने के लिए राष्ट्रीय ड्रग नीति बनाने की अपनी मांग दोहराते हुए एसटीएफ, पुलिस और खुफिया विंग के बीच और अधिक तालमेल बनाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भले ही हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्य नशे की तस्करी से निपटने के लिए कारगर विधि लागू करने पर रजामंद हुए थे, लेकिन इस ओर महत्वपूर्ण कदम नहीं उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार नशे के प्रति किसी किस्म की कोताही नहीं बरतेगी।
नशे और तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस के मौके पर शनिवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत से नशे खास तौर पर अफगानिस्तान से हेरोइन की तस्करी बरास्ता पाकिस्तान, पड़ोसी राज्य हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, दिल्ली और यहां तक कि नेपाल से होती है। उन्होंने इस कदम को पंजाब के युवाओं को कमजोर करने और उनको सशस्त्र बलों से दूर करने के लिए पाकिस्तान की साजिश बताया। उन्होंने ड्रोन के जरिए नशे की तस्करी और कांडला बंदरगाह द्वारा पंजाब को भेजी जाने वाली 700 किलोग्राम हेरोइन जब्त किए जाने की घटनाओं का भी हवाला दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अमृतसर पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल के नेतृत्व में विशेष टीम द्वारा अमृतसर में जब्त किए नशे/नशीली दवाओं को लाइव नष्ट करने की डिजिटल तौर पर शुरुआत की। इस खेप में अंतरराष्ट्रीय मंडी में 1318 करोड़ रुपये की कीमत वाली 659 किलो हेरोइन, 3000 किलो भुक्की, 5.8 करोड़ गोलियां/कैप्सूल, 166 किलो गांजा, 5 किलो चरस और बड़ी मात्रा में भांग, स्मैक, सिरप (पीने वाली दवा) और टीके शामिल हैं। उन्होंने स्कूल और उच्च शिक्षा विभागों द्वारा हफ्ता भर चलने वाली राज्य स्तरीय जागरूकता मुहिम की भी शुरुआत की।
कनाडा में नशे के साथ पंजाबियों के पकड़े जाने पर जताई चिंता
हाल ही में कनाडा में नशे की बड़ी खेप जब्त करने की घटना पर चिंता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत शर्मनाक बात है कि इस जुर्म में कुछ पंजाबी नौजवान भी शामिल पाए हैं। इससे न केवल पंजाब की बदनामी हुई है, बल्कि दुनिया भर में अमन-चैन से रह रहे पंजाबियों के छवि को भी चोट लगी है।
गैंगस्टरों का विदेशों से प्रत्यर्पण जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब ने ‘ए’ कैटेगरी के दो गैंगस्टरों को सफलतापूर्वक डिपोर्ट करवाया है, जिनमें साल 2019 में आर्मीनिया से सुखप्रीत बूढ़ा और 2021 में यूएई से सुख भिखारीवाल शामिल हैं। गौरव पटियाल को आर्मीनिया से डिपोर्ट किया जाना प्रक्रिया के अधीन है, जबकि रमनजीत रोमी जो गैंगस्टरों का एक हैंडलर है, को हांगकांग से वापस लाया जा रहा है। इसी तरह गैंगस्टर हैरी को पुर्तगाल से और गगन हाथुर को ऑस्ट्रेलिया से वापस लाया जा रहा है।
चार साल में 420 नशा तस्कर पकड़े : डीजीपी
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने नदियां, सरहदी बाड़, समुद्री रास्ते समेत अलग-अलग तरीकों का प्रयोग करते हुए पंजाब में हेरोइन की तस्करी के लिए सरहदों पर एक विशाल तस्करी बुनियादी ढांचा स्थापित किया है। पिछले चार साल में 420 से अधिक बड़े तस्करों (2 किलो से अधिक हेरोइन की बरामदगी के आधार पर) को गिरफ्तार किया गया है।