कांग्रेस नेता आरएस बिट्टू ने शनिवार को कैबिनेट बैठक में हुए हंगामे पर कहा कि कोरोना महामारी के समय मंत्रियों और नौकरशाहों के बीच मजबूत संबंध होना चाहिए पर ऐसे में मंत्री का प्री-कैबिनेट बैठक छोड़कर चले जाना दुर्भाग्य की बात है। ऐसे मंत्रियों को अपने व्यवहार के लिए इस्तीफा दे देना चाहिए।
जानकारी के मुताबिक पंजाब कैबिनेट की बैठक में हंगामा हो गया था। पंजाब मे शराब के ठेकों की नीलामी और आबकारी नीति पर चर्चा के लिए प्री कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई थी। बैठक में अफसरों और मंत्रियों के बीच जमकर विवाद हो गया, जिसके बाद दो मंत्रियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके कारण कैबिनेट की बैठक नहीं हो पाई।
सूत्रों के मुताबिक वितमंत्री मनप्रीत बादल और तकनीकी शिक्षा मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने कैबिनेट बैठक का बहिष्कार किया था। हंगामा बढ़ता देख चीफ सेक्रेटरी ने दोनों मंत्रियों को मनाने की कोशिश भी की पर वे नहीं माने और बैठक से चले गए। इस कारण कैबिनेट की मीटिंग भी नहीं हो सकी। अब अगली कैबिनेट मीटिंग 11 मई को प्रस्तावित है।