एक युवक भाई बनकर नाबालिग छात्रा को भगाने के लिए स्कूल पहुंच गया, लेकिन टीचर ने जब उसका आईकार्ड चेक किया तो उसके होश उड़ गए। मामला हरियाणा के बहादुरगढ़ का है। स्कूल के शिक्षकों की सूझबूझ से भाई बनकर एक नाबालिग छात्रा को पंजाब से भगाने आए दूसरे समुदाय के युवक को पकड़ लिया गया। शक होने पर शिक्षकों ने युवक का आई कार्ड चेक किया तो उसकी पहचान दूसरे धर्म की निकली। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सेक्टर-6 चौकी के प्रभारी एसआई बालकिशन ने बताया कि छात्रा के नाना की शिकायत पर युवक के खिलाफ पोस्को एक्ट और आईपीसी की धारा-354 के तहत केस दर्ज किया है। युवक को जेल भेज दिया गया है। छात्रा ने छेड़छाड़ की बात कही है। लव जेहाद के एंगल से भी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-7 निवासी 17 वर्षीय छात्रा एक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। बीते वीरवार को एक युवक छात्रा के स्कूल में आया। युवक ने स्कूल के विजिटर रजिस्टर में महेंद्र नाम से एंट्री की।
उसने अध्यापकों से कहा कि वह छात्रा का भाई है और उससे मिलने आया है। अध्यापकों को शंका हुई तो उन्होंने उससे पूछताछ की और उसका आई कार्ड चेक किया। आई कार्ड में उसका नाम जांबाज हुसैन पाया गया। इस पर अध्यापकों ने उसे पकड़ लिया और छात्रा के परिजनों व पुलिस को सूचना दी।