पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच आज सुबह जालंधर के पोलिंग बूथ संख्या-23 पर वोट डालने पहुंचे क्रिकेटर हरभजन सिंह को देखते ही पब्लिक तो पब्लिक पोलिंग कार्य में जुटे अफसर भी कुछ देर के लिए अपनी ड्यूटी भूल गये। इस दौरान एक पोलिंग अधिकारी मशहूर क्रिकेटर के साथ सेल्फी लेता दिखा, वहीं पोलिंग बूथ की सुरक्षा में तैनात जवान भी हरभजन संग सेल्फी लेने से खुद को रोक ना सका।
बता दें कि पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में सूबे के 1.98 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आज देर शाम तक विभिन्न सियासी दलों और निर्दलीयों के रूप में चुनाव लड़ रहे 1145 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। पंजाब में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पंजाब पुलिस, बीएसएफ, सीआरपी के एक लाख जवान तैनात किए गए हैं। कुल 14,177 पोलिंग लोकेशन में 22634 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।