उन्होंने लिखा है कि पिछली दो मीटिंगों में भी सीमावर्ती इलाकों को विशेष पैकेज देने का मामला उठाया था लेकिन केंद्र ने इस पर स्वीकृति नहीं भरी। कैप्टन ने पंजाब के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए विशेष वित्तीय सहायता की मांग की।
उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ईज ऑफ डूईंग बिजनेस की दृष्टि से हरियाणा चौदहवें से तीसरे स्थान पर पर पहुंचा है। हरियाणा खुले में शौचमुक्त व केरोसिन मुक्त राज्य बना है।
कन्या भ्रूण हत्या को नियंत्रित किया गया है और लिंगानुपात उल्लेखनीय रूप से संतुलित हुआ है। इन उपलब्धियों की दिशा में हरियाणा सरकार की प्राथमिकता अब अपने नागरिकों के लिए एक उच्चतम ईज ऑफ लीविंग इंडेक्स को निर्धारित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में विजन-2030 तैयार किया हुआ है। हरियाणा कृषि के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी राज्य है। राज्य के सभी तालाबों के विकास, सुरक्षा, सुधार, संरक्षण, निर्माण और प्रबंधन के लिए वर्ष 2017 में ‘हरियाणा तालाब और अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण’ की स्थापना की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विलुप्त हो चुकी नदी सरस्वती के कायाकल्प की एक प्रमुख परियोजना पर राज्य में काम चल रहा है, जिसमें बारिश के पानी का दोहन उस मार्ग पर किया जा रहा है, जिस पर पहले सरस्वती नदी बहती थी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सूखे की स्थिति में किसानों को शीघ्र राहत प्रदान करने के लिए राज्य प्रशासन की तैयारियों की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है।