इस बार लोकसभा चुनाव में पंजाब के सियासी महासमर का नजारा कुछ अलग रहने वाला है।
राज्य में आमतौर पर कांग्रेस और शिअद-भाजपा गठबंधन की आमने-सामने टक्कर तक सिमटे रहने वाले चुनावों में इस बार आम आदमी पार्टी (आप) ने गैर सियासी लोगों को दोनों दिग्गज दावेदार धड़ों के सामने उतार दिया है।
‘आप’ ने पहली लिस्ट में पटियाला से डा. गांधी और लुधियाना से एचएस फुलका को टिकट देने के बाद सोमवार को जारी सूची में पंजाब में तीन सीटों पर जिन उम्मीदवारों को उतारा है, उनमें एक जाने-माने हास्य कलाकार और दूसरे शायर हैं।
‘आप’ ने कॉमेडी आर्टिस्ट भगवंत मान को संगरूर सीट से टिकट दिया है जबकि शिक्षाविद और शायर प्रो. साधू सिंह फरीदकोट से पार्टी उम्मीदवार होंगे।
इनके अलावा गुरदासपुर से सुच्चा सिंह छोटेपुर को टिकट दिया गया है। तीनों सीटों पर ये उम्मीदवार कांग्रेस और शिअद-भाजपा गठबंधन के चुनावी गणित पर असर डालने में सक्षम भी हैं।
भगवंत मान
भगवंत मान पंजाब में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। पीपीपी प्रधान मनप्रीत बादल की कांग्रेस से नजदीकी के बाद उन्होंने पीपीपी छोड़कर ‘आप’ का दामन थामा है।
तभी से उनकी उम्मीदवारी तय मानी जा रही थी। पिछले विधानसभा चुनाव में मान संगरूर लोकसभा हलके की लहरागागा सीट से चुनाव लड़े थे।
कांग्रेस और अकाली उम्मीदवार के बाद वे 21.79 फीसदी वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे।
प्रो. साधू सिंह
प्रो. साधू सिंह राजिंद्रा कॉलेज में तीस साल तक अंग्रेजी के लेक्चरर रहे हैं।
इस दौरान वह टीचर यूनियन की राजनीति से भी जुड़े रहे। रिटायर होने के बाद इन दिनों वे केके मरवाहा कॉलेज में प्रिंसिपल के तौर पर काम कर रहे हैं।
ईमानदार छवि वाले प्रो. साधू सिंह सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वे शायर हैं और पंजाबी भाषा में उनकी कई किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं।
सुच्चा सिंह छोटेपुर
गुरदासपुर से ‘आप’ उम्मीदवार सुच्चा सिंह छोटेपुर कई सालों से इस हलके में सियासी तौर पर सक्रिय हैं।
वह धारीवाल विधानसभा हलके से चुनाव लड़ते रहे हैं। 1997 में वह शिअद-एम के टिकट पर लड़े और सुच्चा सिंह लंगाह से हार गए थे।
लेकिन 2002 में उन्होंने आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़कर लंगाह को हरा दिया था। उस समय उन्हें 39.49 फीसदी वोट हासिल हुए थे।
2007 में वह फिर लंगाह से चुनाव हारे। 2012 में सुच्चा सिंह ने नए हलके कादियां से आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ा और तीसरे स्थान पर रहे।
पहले दो सीटों में डॉक्टर और एडवोकेट को टिकट
आम आदमी पार्टी ने अब तक पंजाब में घोषित किए अपने उम्मीदवारों में गैर सियासी लोगों को तरजीह दी है। लुधियाना से एडवोकेट एचएस फूलका को प्रत्याशी घोषित किया गया जो 1984 के सिख विरोध दंगे के पीड़ितों के लिए मुकदमे लड़ते रहे हैं। इनके अलावा पटियाला से कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. धर्मवीर गांधी को उम्मीदवार बनाया गया है।