पैसेंजर ट्रेन में दो कश्मीरी युवकों की पिटाई करने और गाली गलौज करते हुए उन्हें धक्का देकर स्टेशन पर उतार दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना से दोनों पीड़ित काफी घबराए हुए हैं। मामला हरियाणा के रोहतक का है। दिल्ली के नांगलोई रेलवे स्टेशन से शाल-लोई की तीन गठरियों के साथ दिल्ली-रोहतक पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए दो कश्मीरी युवकों को यात्रियों ने मंगलवार दोपहर मारपीट कर स्टेशन पर उतार दिया।
पिटाई से घायल दोनों युवकों ने फोन करके रोहतक के कमला नगर में रह रहे अपने दो साथियों को सूचना दी। इसके बाद दोनों ने ट्रेन के रोहतक आने पर गठरियों को लेना चाहा, तो वे बोगी में नहीं मिली। इधर उधर तलाशने पर भी उनका सुराग नहीं लगा। तीनों गठरियों के अंदर रखे माल की कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने आरपीएफ थाने में इसकी सूचना दी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर आरके ओझा का कहना है कि कश्मीरी युवकों के साथ मारपीट का मामला नांगलोई का मामला है, तो मारपीट की सूचना वहीं दी गई होगा। हां, रोहतक रेलवे स्टेशन पर उनके साथी ट्रेन में सामान देखने के लिए आए थे, इसकी जानकारी हमें है। अब ट्रेन के अंदर सामान मिला या नहीं, वही जानें।