पुडा मुलाजिम भी मंगलवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर संघर्ष की राह पर आ गए। मुलाजिमों ने कलम छोड़ हड़ताल कर ऑफिस का काम पूरी तरह रोक दिया।
पुडा भवन में विभिन्न कामों से आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। यहां तक सिंगल विंडो पर भी लोगों की सुनवाई नहीं हुई। मुलाजिमों ने साफ किया है कि मांगें पूरी नहीं कीं, तो संघर्ष और तेज होगा। दूसरी तरफ पुडा मैनेजमेंट अभी तक पूरी तरह शांत बैठी हुई है।
मुलाजिमों द्वारा यह संघर्ष पुडा तालमेल संघर्ष कमेटी के बैनर तले शुरू किया गया है। मुलाजिमों ने बताया कि उन्होंने दो दिन तक कलम छोड़ हड़ताल करने का फैसला लिया है।
इस दौरान यदि मैनेजमेंट ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं, तो मुलाजिम चार दिसंबर को मोहाली में राज्यस्तरीय रोष प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में पूरे पंजाब से मुलाजिम शामिल होंगे।
इसके अलावा अधिकारियों के घेराव समेत अन्य गतिविधियां भी की जाएगी। कलम छोड़ हड़ताल पुडा की अन्य इकाईयों में भी रही। साथ ही सभी जगह मुलाजिमों ने गेट रैलियां की।
वहीं, इस दौरान पुडा आने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इस दौरान सिंगल विंडो के माध्यम से होने वाले काम भी रुके रहे। बुधवार को भी मुलाजिम कलम छोड़ हड़ताल पर रहेंगे।
मुलाजिमों की मुख्य मांगें -
मुलाजिमों को पेंशन स्कीम लागू करना
मुलाजिमों के सेवाकाल में बढ़ोतरी करना
रहते मुलाजिमों को प्लॉट अलॉट करना
योग्यता रखते दर्जा चार मुलाजिमों को रेगुलर करना
डेली मुलाजिमों को रेगुलर करना