हरियाणा पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 100 को लेकर कई बड़े बदलाव कर दिए हैं, जो लोगों के बड़े काम आएंगे, आप भी जान लीजिए। दरअसल, अब 100 नंबर पर कॉल करने के तुरंत बाद आपके पास मैसेज जाएगा। जिसमें मदद के लिए आपके पास आने वाले पुलिसकर्मी के नाम से लेकर मोबाइल नंबर का जिक्र होगा। इसके अलावा एक मैसेज पुलिसकर्मी को भी भेजा जाएगा। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा रोहतक ने दो दिन के अंदर इस व्यवस्था को लागू कराने का दावा किया है।
इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम में अलग से पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पुलिस हेल्पलाइन 100 पर कॉल करने के बाद भी कई बार सही रेस्पॉन्स नहीं मिलता है। कई बार पुलिस समय पर नहीं पहुंचती है। इसके लिए एसपी ने कंट्रोल रूम में विशेष व्यवस्था की है। एसपी ने कहा कि अब यदि कोई भी पीड़ित पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 100 पर कॉल करता है तो उसकी कॉल रिकॉर्ड करने के साथ-साथ पीड़ित के पास पांच मिनट के अंदर एक मैसेज भेजा जाएगा।
मैसेज में घटना स्थल पर पहुंचने वाले पुलिसकर्मी का नाम, पद व मोबाइल नंबर लिखा होगा। ताकि पीड़ित खुद ही पुलिसकर्मी से बात कर सके। इसके अलावा एक मैसेज मौके पर पहुंचने वाले पुलिसकर्मी के पास भेजा जाएगा। जिसमें पीड़ित का नाम व मोबाइल नंबर लिखा होगा। एसपी ने कहा कि इस व्यवस्था का ट्रायल बुधवार से शुरू कर दिया गया है। दो दिन में व्यवस्था को पूरी तरह से लागू करा दिया जाएगा। इसके लिए कंट्रोल रूम में अलग से छह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पीड़ित को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
पीड़ित को कॉल कर फीडबैक लेगी पुलिस
सूचना के करीब एक घंटे बाद कंट्रोल रूम से हेल्पलाइन पर सूचना देने वाले पीड़ित के पास कॉल की जाएगी। कॉल कर पूछा जाएगा कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं या नहीं। यदि नहीं है तो क्यों नहीं है। एसपी ने कहा कि यदि पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित को पूरी तरह से संतुष्ट करना उद्देश्य
एसपी ने कहा कि उनका उद्देश्य पीड़ित को पूरी तरह से संतुष्ट करना है। इसी उद्देश्य से मैसेज व कॉल की व्यवस्था शुरू कराई जा रही है। इसके अलावा पुलिस समय समय पर लोगों से पुलिसिंग में सुधार को सुझाव भी मांगती नजर आएगी।