चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं फरवरी में ही होंगी। जनवरी में विद्यार्थियों को कैंपस बुलाया जा सकता है। हालांकि इस पर निर्णय एक सप्ताह में पीयू ले लेगी। सूत्रों का कहना है कि परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी। कोरोना का आंकड़ा अब गिर रहा है।
पीयू में लगभग 16 हजार विद्यार्थी हैं। यदि पीयू ऑफलाइन परीक्षा आयोजित करेगी तो एक साथ सभी को नहीं बुला पाएगी। इसके लिए रोस्टर तैयार होगा। सूत्रों का कहना है कि कक्षावार विद्यार्थियों को बुलाया जाएगा। एक बार में दो से तीन हजार विद्यार्थियों को बुलाने की तैयारी है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को छात्रावासों में रुकवाया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि पेपर की अवधि तीन की बजाय दो घंटे की की जा सकती है। कोरोना गाइडलाइन का भी पालन करना होगा। इसके अलावा पीयू से संबद्ध कॉलेजों में भी परीक्षाएं होंगी, क्योंकि वहां भी दो लाख से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसकी जिम्मेदारी कॉलेजों की होगी। यही नहीं उत्तर पुस्तिकाओं की जांच से लेकर रिजल्ट जारी करने तक का खाका तैयार हो रहा है। इसके अलावा नकल रोकने की भी व्यवस्था की जाएगी ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रह सके।