चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने आखिरकार री-अपीयर विद्यार्थियों की परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है। 15 जनवरी से 31 जनवरी तक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। फार्म भरने से लेकर परिणाम जारी करने तक का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसका लाभ बीएससी ऑनर्स, बीएससी एचएस ओल्ड स्टूडेंट्स व सीबीसीएस प्रणाली वाले विद्यार्थियों को मिलेगा।
पीयू ने जारी किए कार्यक्रम में विद्यार्थियों से कहा है कि परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 24 दिसंबर है। 30 दिसंबर तक विभागों से विद्यार्थियों को यह पूरा डाटा लिया जाएगा। पांच जनवरी 2021 को परीक्षा की डेटशीट जारी की जाएगी। छह जनवरी से 12 जनवरी तक विद्यार्थियों को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से रोल नंबर जारी किए जाएंगे। 15 जनवरी से 31 जनवरी तक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 21 फरवरी तक टेंटेटिव परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। मालूम हो कि यह परीक्षा काफी समय से लंबित चल रही थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण नहीं हो पा रही थी। हालांकि पीयू ने इस परीक्षा के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है। तमाम विद्यार्थी इस जानकारी से खुश हैं।