चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में शनिवार को सिंडिकेट बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मुख्य एजेंडा अधिकारियों के खाली पदों पर रेगुलर भर्ती करने का है। पीयू में वाइस चांसलर के अलावा अन्य सभी मुख्य पदों पर शिक्षकों को अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन, डायरेक्टर स्पोर्ट्स, लाइब्रेरियन, यूथ वेलफेयर निदेशक, रजिस्ट्रार, डीन कॉलेज डेवलपमेंट, पब्लिक रिलेशन डायरेक्टर, इत्यादि के पद पर नियमित भर्ती करने का प्रस्ताव है।
सिंडिकेट में इसके अलावा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों में 300 सीटें आरक्षित करने का मुद्दा भी अहम है। अभी तक पीयू में दृष्टिबाधित और ट्रांसजेंडरों को छात्रावास की सुविधा मुफ्त में दी जाती रही है। इस बार पीयू दिव्यांगों के लिए 5 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने जा रहा है। इसमें यूजी और पीजी स्तर के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए ये सुविधा शामिल रहेगी। इनको सिर्फ छात्रावास में कमरा मुफ्त में मिलेगा, कैंटीन और मेस की फीस भरनी होगी। पीयू सिंडिकेट सदस्यों की मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।