चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के हॉस्टल नंबर-6 में रहने वाले विशाल मलिक व उसके दोस्त आजाद पर पीयू के ही छात्रों ने पिस्टल सहित अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इसमें विशाल और आजाद दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनकी चिल्लाने की आवाज सुन पास के रूम के छात्र जमा होने शुरू हो गए, जिसके बाद मौका देख कर सभी हमलावर फरार हो गए। पीयू के छात्रों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और मौके पर आकर घायल को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने घायल विशाल की शिकायत पर पीयू के छात्र रितिक कसाना (यूआईईटी), आर्दश कसाना (यूआईईटी), क्रिश श्योराण (यूआईईटी), अर्नव (यूआईईटी), आर्यन गोयल (यूआईईटी), हर्ष भीडू व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में विशाल ने बताया कि वो पीयू में पीएचडी की पढ़ाई कर रहा है और हॉस्टल नंबर-6 के कमरा नंबर 4/13 में अपने दोस्त आजाद के साथ रहता है। सोमवार रात के करीब साढ़े 12 बजे वह और उसका दोस्त पढ़ाई करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी किसी ने कमरे का दरवाजा खटखकाया। उन्हे लगा कि शायद किसी ने जाते हुए शरारत करते हुए खटखटा दिया होगा लेकिन फिर से उनका दरवाजा बाहर से किसी ने खटखटाया तो उन्होने जब दरवाजा खोला तो 4 से 5 लड़के जिनमें पीयू के ही छात्र रितिक कसाना, आदर्श कसाना, क्रिश श्योराण, अर्नव, आर्यन गोयल, हर्ष भीडू व अन्य थे, उनमें से एक के हाथ में पिस्टल और अन्य के हाथों में तेजधार हथियार थे। उन्होने आते ही उन पर हमला कर दिया। उस दौरान वो बोल रहे थे कि किसी को भी छोड़ना नहीं है। उनकी मंशा उन्हें जान से मारने की थी वो तो उनकी चिल्लाने की आवाज सुन अन्य छात्र अपने कमरों से बाहर निकलने लगे तो उन्हें देख सभी हमलावर फरार हो गए।