चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में मंगलवार को होली का जश्न मनाने के लिए स्टूडेंट्स सेंटर के पास बड़ी संख्या में विद्यार्थी एकत्र हुए। स्टूडेंट्स आए हाए तेरा रंग गुलाबी... जैसे गाने गाते और नाचते हुए नजर आए। हर तरफ माहौल उत्सव का था लेकिन इसी बीच एक घटना हुई। तीन-चार छात्र छात्राओं से बहस करते दिखाई दिए। दरअसल, एक छात्र ने छात्रा को रंग लगाने की कोशिश की। छात्रा ने इसका विरोध किया और गुस्से में उस युवक को थप्पड़ जड़ दिया।
इसके बाद मामला बढ़ गया। आरोप है कि तीन युवकों ने छात्रा और सहेलियों का पीछा किया और बहस करने लगे। काफी कहासुनी के बाद भी एक युवक ने छात्रा पर रंग फेंक दिया और वहां से चला गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। तीनों छात्राओं ने कहा कि उन्हें इस तरह की हरकत से असहज महसूस हुआ है। उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन को साफ निर्देश जारी करने चाहिए कि बिना अनुमति किसी भी छात्रा को रंग न लगाया जाए क्योंकि कुछ लड़के केवल छात्राओं को रंग लगाने का अवसर ढूंढते हैं। वहीं, संबंधित छात्र का कहना है कि उसने रंग लगाया था लेकिन जब उसे पता चला कि छात्रा को बुरा लगा है तो उसने माफी भी मांगी। उसके अनुसार छात्रा ने पहले थप्पड़ मारा, जिस पर वह बहस कर रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्राओं ने शिकायत देने से मना कर दिया।
500 से ज्यादा गाड़ियों को किया वापस
इस बार यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती दिखाई। करीब 500 से अधिक गाड़ियों को आईडी कार्ड न दिखाने पर गेट से ही वापस भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि हर साल होली के दौरान छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आती हैं लेकिन कई छात्राएं शर्म या डर के कारण शिकायत नहीं करतीं।
अपने-अपने विभागों में भी खेली होली, गाने बजाकर डांस भी किया
पीयू में विभिन्न विभागों में भी अलग-अलग स्तर पर होली मनाई गई। कुछ छात्रों ने गाड़ियों में गाने बजाकर डांस किया लेकिन दूसरे विभागों के विद्यार्थियों को शामिल नहीं किया। कई जगह विद्यार्थी अपने विभाग के गार्डन में होली खेलते दिखाई दिए। सभी छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को रंग लगाया।
हर साल डीजे लगाकर होता था सेलिब्रेशन
पीयू में हर साल डीजे लगाकर जश्न मनाया जाता था। इसमें आउटसाइडर्स को भी प्रवेश दिया जाता था। इस बार स्टूडेंट्स सेंटर पर पीयू प्रशासन ने डीजे लगाने और बाहरी लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी। क्योंकि पिछले साल भीड़ ज्यादा होने के कारण अव्यवस्था हो गई थी। इसके कारण कार्यक्रम बीच में रोककर कैंपस को खाली करवाया गया था।