परीक्षा पाली का समय
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक होगी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र सुबह 9.10 बजे डाउनलोडिंग के लिए मिल जाएगा। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 1.30 से शाम 4.30 बजे तक होगी। इसके लिए प्रश्नपत्र विद्यार्थियों को दोपहर 1.10 बजे मिल जाएगा। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र
ugexam.puchd.ac.in और
pgexam.puchd.ac.in वेबसाइट पर मिलेंगे। तीन घंटे में विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पूरा करना होगा। इस बार प्रश्नपत्र संबंधित कॉलेज या केंद्र विद्यार्थियों को नहीं भेजेंगे।
इस तरह भेजनी होंगी उत्तर पुस्तिकाएं
स्नातक के विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिका ए फॉर साइज की 20 पेज की और परास्नातक के लिए 24 पेज की होनी चाहिए। विद्यार्थी अपने स्तर पर इसका बंदोबस्त करेंगे। उत्तर पुस्तिका के पहले पेज पर विद्यार्थियों को अपना नाम, क्लास, सब्जेक्ट कोड, एग्जाम कोड, टोटल नंबर ऑफ पेज रिटन, परीक्षा की तारीख लिखना अनिवार्य होगा। उत्तर पुस्तिका के एक ही साइड में उत्तर लिखने होंगे। सभी पेज पर क्रमवार नंबर भी दर्ज करने होंगे।
सुबह की पाली वाले विद्यार्थी अपनी हार्ड कापी संबंधित कॉलेज या सेंटर पर जमा करेंगे। इसके लिए परीक्षा समाप्ति के बाद तीन घंटे तक का समय मिलेगा। हालांकि ऑनलाइन उत्तर पुस्तिका जमा कराने का मोड भी उनके पास उपलब्ध रहेगा। ऑनलाइन कॉपी मंगवाने की जिम्मेदारी संबंधित संस्थान की होगी। दूरस्थ केंद्रों के विद्यार्थी डाक आदि के जरिए पीयू या कॉलेजों को भेज सकेंगे।
शाम की पाली वाले विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका को ऑनलाइन अपलोड करना होगा। उसके बाद उसकी हार्ड कॉपी पीयू को भेजनी होगी। विद्यार्थियों को यह लिखित में देना होगा कि उन्होंने एक ही मोड में उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराई है। वे हार्ड कॉपी देंगे या फिर ऑनलाइन भेजेंगे। दोनों मोड में नहीं भेजेंगे। विद्यार्थियों को ब्लू पेन का प्रयोग करना होगा। पीयू ने कहा है कि विद्यार्थी वेबसाइट को समय-समय पर जरूर देखें। टाइम टेबल आदि से संबंधित जानकारियां वहीं से मिलेंगी।
प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए निर्देश
प्राइवेट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के प्रश्नपत्र आदि उसी प्रक्रिया से डाउनलोड होंगे और परीक्षा के स्लॉट भी वही रहेंगे। उन्हें उत्तर पुस्तिका की हार्ड कॉपी पीयू को भेजनी होगी। उत्तर पुस्तिका पर जानकारी लिखनी होगी। सुबह की पाली के लिए उत्तर पुस्तिका अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है। वह हार्ड कॉपी डाक से भेज सकेंगे। शाम की पाली में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका को स्कैन कर अपनी ही मेल पर भेजना होगा ताकि पीयू को जब भी जरूरत पड़ेगी तो वह विद्यार्थियों से उस मेल को मंगवा सके। उस मेल पर समय आदि का उल्लेख होगा। बाद में विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका की हार्ड कॉपी डाक आदि से भेज सकेंगे।