फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीयू का ढुलमुल रवैया... प्रशासन के आदेश के बावजूद नहीं करवा रहा क्लर्कों का टाइपिंग टेस्ट

Mon, 16 Nov 2020 02:39 AM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
पंजाब विश्वविद्यालय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

चंडीगढ़ प्रशासन के आदेश के बावजूद पंजाब यूनिवर्सिटी क्लर्कों की परीक्षा नहीं करवाकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। 2019 में चंडीगढ़ प्रशासन ने क्लर्क और स्टेनोग्राफर के करीब 400 पदों पर भर्ती निकाली थी।

विज्ञापन


इसका अंतिम टाइपिंग टेस्ट 15 से 23 मार्च तक होना था लेकिन कोविड लॉकडाउन के कारण कुछ समय के लिए परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था। अब नौ महीने होने को आए हैं लेकिन प्रशासन की तरफ से परीक्षा का आयोजन नहीं करवाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा पीयू आयोजित करवाएगी, इसको लेकर पीयू को कई बार निर्देश दे चुके हैं।

पीयू की ढील की वजह से तीन हजार से ज्यादा पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ का युवा क्लर्क/स्टेनोग्राफर की परीक्षा के इंतजार में बैठा है। युवाओं ने बताया कि सितंबर 2019 में चंडीगढ़ प्रशासन ने 400 के करीब पदों पर भर्ती का फॉर्म निकाला था। इसमें 356 क्लर्क और अन्य भर्ती स्टेनोग्राफर की थी।
विज्ञापन


इसके बाद 22 दिसंबर 2019 को इन पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा पंजाब यूनिवर्सिटी की तरफ से आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा का परिणाम फरवरी 2020 में घोषित किया गया। इसमें तीन हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों ने लिखित परीक्षा पास की।

मार्च में लिखित परीक्षा पास करने वाले परीक्षार्थियों का टाइपिंग टेस्ट लिया जाना था। इसके लिए 15, 21, 22 और 23 मार्च की तारीख का एलान किया गया था, जिसमें कुछ परीक्षार्थियों ने 15 मार्च को टाइपिंग टेस्ट दिया था। वहीं अन्य सभी का 19 मार्च को देशभर में लॉकडाउन होने के कारण टेस्ट स्थगित कर दिया गया।

परीक्षा करवाने के लिए पीयू को दिया है 30-40 लाख का फंड
चंडीगढ़ प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार क्लर्क परीक्षा आयोजित करवाने को लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी को ठेका दिया गया है। इसके लिए पीयू को लगभग 30 से 40 लाख के करीब फंड मुहैया करवाया गया है।

परीक्षा करवाने के निर्देश दिए, पीयू बरत रहा ढील
चंडीगढ़ प्रशासन ने काफी समय पहले ही पंजाब यूनिवर्सिटी को क्लर्क परीक्षा आयोजित करवाने के निर्देश दिए थे। लेकिन परीक्षा आयोजित करवाने की बजाय कोविड का बहाना बनाया जा रहा है। इसके बाद प्रशासन की ओर से नवंबर की शुरुआत में दोबारा पीयू को कोविड परमिशन भी दे दी गई है। परीक्षा की तारीखों का एलान और उसका आयोजन पीयू की जिम्मेदारी है। प्रशासन की तरफ से इसके लिए पीयू को बजट भी उपलब्ध करवा दिया गया है। - मनोज परिदा, सलाहकार, यूटी प्रशासन
विज्ञापन

परीक्षार्थियों ने ट्वीट के जरिए जाहिर की परेशानी

परीक्षार्थियों ने पिछले नौ महीने से रुकी हुई परीक्षा के लिए चंडीगढ़ प्रशासन और पंजाब यूनिवर्सिटी को कई बार ट्वीट किया। परीक्षार्थियों ने कहा कि केंद्र सरकार के आदेश के बाद अगस्त में यूपीएससी और अन्य परीक्षाओं का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिसमें लाखों की संख्या में परीक्षार्थी बैठे थे। फिर चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से हजार बच्चों की परीक्षा लेने में क्यों कोविड को बहाना बनाया जा रहा है।

तीन दिन पहले वेबसाइट अपडेट हुई, लेकिन तारीख नहीं बताई
तीन दिन पहले चंडीगढ़ प्रशासन की वेबसाइट पर क्लर्क परीक्षा को लेकर अपडेट आया है। इसमें लिखा है कि शायद दिसंबर के पहले या दूसरे हफ्ते में परीक्षा का आयोजन किया जा सकता है लेकिन इसमें तारीख का एलान नहीं किया गया है। - जतिन, परीक्षार्थी, सोनीपत

ट्वीट के बाद प्रशासन के दफ्तर से फोन पर पूछी परेशानी
पिछले लंबे समय से हम परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण परेशान हो रहे हैं। देशभर में सब काम हो रहे हैं। इसको लेकर परीक्षार्थियों की तरफ से ट्विटर पर ट्रेंड चलाया गया था। इसके बाद प्रशासन के दफ्तर से फोन आया और हमारी समस्या पूछी गई थी। 2019 में फॉर्म निकले थे, लगभग डेढ़ साल से हम भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। - सनी गुलाटी , परीक्षार्थी, चंडीगढ़

परीक्षा के बारे में अभी तक कोई अधिकारिक जानकारी नहीं
परीक्षा को लेकर वेबसाइट पर अपडेट डाला गया है लेकिन उसमें भी कुछ कंफर्म नहीं किया गया है। हमें हमारे नंबर और ई-मेल इत्यादि पर भी परीक्षा के आयोजन को लेकर अधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। पिछले एक साल से परीक्षा होने की आस में हम तैयारी ही करने में लगे हैं। - मोहित, परीक्षार्थी , सोनीपत

परीक्षा की जिम्मेदारी यूआईएमएस विभाग की
परीक्षा का आयोजन पीयू को ही करवाना है लेकिन इसकी जिम्मेदारी यूआईएमएस विभाग को दी गई है। हमें तारीखों को लेकर कोई जानकारी नहीं है। - परविंदर सिंह, परीक्षा नियंत्रक, पीयू
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें