चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय का यूबीएस विभाग विश्व रैंकिंग में बाजी मारने की तैयारी कर रहा है। विभाग इस रैंकिंग में एमबीए को टॉप टेन में लाना चाहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्षों में विभाग ने पाठ्यक्रम में बदलाव किया था। विश्व स्तर का पाठ्यक्रम करने के कारण विभाग को इस बार तरजीह मिल सकती है।
पीयू के यूबीएस विभाग को विश्व रैंकिंग में पिछले वर्ष 15वें स्थान पर जगह मिली थी। इसका कारण था कि यहां की एमबीए का पाठ्यक्रम विश्व स्तर का होना। साथ ही विद्यार्थियों को नौकरी के लिए लाखों का पैकेज मिला। पिछले वर्षों में सालाना पैकेट कुछ छात्रों का 50 लाख से अधिक रहा। विदेशी कंपनियों ने भी यहां आकर प्लेसमेंट ली और विद्यार्थियों का चयन किया। यहां की सबसे बड़ी खूबी यही है कि जिन विद्यार्थियों के दाखिले हो गए तो समझो उनकी नौकरी पक्की है। शत प्रतिशत विद्यार्थियों को यहां नौकरी मिलती है। यहां के विद्यार्थियों के चयन आधार कैट प्रवेश परीक्षा है। जिन विद्यार्थियों का दाखिला आईआईएम में नहीं हो पाता है, वह पीयू आदि संस्थानों में लेते हैं। विभाग इन विद्यार्थियों का साक्षात्कार लेता है। सूत्रों का कहना है कि विभाग एमबीए को विश्व स्तर पर ले जाना चाहता है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार यह विभाग टॉप टेन में जगह बनाएगा।