चंडीगढ़। छात्रों के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी फिलहाल नहीं खुलेगी। इसके चलते अब फिर से विद्यार्थियों की संख्या ऑनलाइन कक्षा में बढ़ने लगी है। पहले शिक्षक भी चिंतित थे कि कक्षाओं में विद्यार्थी कम हो रहे हैं। बढ़ी हुई छात्रों की उपस्थिति से उन्हें भी राहत मिली है।
बता दें पीयू कैंपस खोलने को लेकर छात्र संगठनों ने प्रदर्शन आदि किए तो पीयू प्रशासन पर दबाव बना। इसके बाद पीयू ने रोस्टर तैयार किया ताकि कैंपस को बारी-बारी से खोला जाए। विद्यार्थियों को लगा कि कैंपस खुलने जा रहा है। ऐसे में कई शिक्षकों की ऑनलाइन कक्षाओं से छात्र गायब होने लगे। कुछ शिक्षकों ने बताया कि अब फिर से कोरोना बढ़ा तो कैंपस खुलने के आसार कम हो गए। इसी के साथ छात्रों की संख्या अब ऑनलाइन कक्षाओं में बढ़ने लगी है।