चंडीगढ़। शोध विद्यार्थी व मास्टर डिग्री कर रहे विद्यार्थियों को पीयू में बुलाया जा सकता है। उनके लिए हॉस्टल व प्रयोगशालाएं खोली जाएंगी। हालांकि इस पर फाइनल निर्णय होना बाकी है।
पीयू के 400 से अधिक शोध विद्यार्थी पिछले छह माह से पीयू नहीं आ रहे हैं। उनका शोध कार्य प्रभावित चल रहा है। वहीं प्रयोगशालाओं में भी उनका कार्य नहीं हो पा रहा है, क्योंकि लैब बंद पड़ी हैं। इसके लिए छात्र व शोध विद्यार्थी आए दिन प्रदर्शन कर रहे हैं। वीरवार को एबीवीपी ने भी प्रदर्शन किया। सूत्रों का कहना है कि पीयू प्रशासन पर अब लगातार दबाव बन रहा है। इसके कारण 15 अक्तूबर से शोध विद्यार्थियों को बुलाने की योजना चल रही है। वहीं शिक्षकों ने भी पीयू प्रशासन पर दबाव बनाया था। अनलॉक- 5 में गृह मंत्रालय ने भी इन सभी को विश्वविद्यालय बुलाने के लिए कह दिया है।
छात्रावास होने लगे खाली
पीयू ने अंतिम वर्ष की परीक्षाएं करवा दी हैं। इसी के साथ विद्यार्थियों ने छात्रावास खाली करने शुरू कर दिए हैं। यह विद्यार्थी अपने घर जा रहे हैं। पीयू ने कहा था कि परीक्षा समाप्त होने के 72 घंटे के अंदर छात्रावास खाली करने होंगे अन्यथा फाइन लगेगा। हालांकि दूरस्थ केंद्रों के विद्यार्थी कुछ दिन बाद अपने घर जाएंगे। जानकारों का कहना है कि यह विद्यार्थी छात्रावास खाली करेंगे तो उसके बाद शोध विद्यार्थियों को छात्रावास आवंटित किए जाएंगे।