चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल नंबर-4 में अज्ञात व्यक्ति के घुसने के मामले में सोमवार को वीसी प्रो. रेणु विज की ओर से बैठक आयोजित की गई। डीयूआई की ओर से रविवार को बनाई गई रिपोर्ट के आधार पर वीसी की ओर से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके तहत जीएच-4 की वार्डन डॉ. तमन्ना सहरावत को हटाकर वर्किंग वुमन हॉस्टल की वार्डन डॉ. अवनीत सैनी को जीएच-4 का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वहीं, जीएच-4 के तीन सुरक्षाकर्मी और एक तीमारदार (अटेंडेंट) को निलंबित कर दिया गया है और जांच कमेटी भी गठित कर दी गई है।
वीसी की ओर से हॉस्टल में हुई सुरक्षा में चूक के बाद चार कर्मचारियों को निलंबित करने के साथ जांच कमेटी गठित कर दस दिन में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच कमेटी में डीएसडब्ल्यू मेन और वुमन प्रो. नवदीप गोयल व अन्य सदस्य शामिल हैं। बता दें कि पिछले बुधवार को गर्ल्स हॉस्टल नंबर 4 में एक अज्ञात व्यक्ति घुस गया था। इस दौरान मौके से सुरक्षाकर्मी और अटेंडेंट दोनों ही गायब थे। इस कारण आरोपी हॉस्टल की तीसरी मंजिल तक पहुंचने में कामयाब हो गया था। लड़की ने शोर मचाया जिसके बाद संदिग्ध फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि संदिग्ध ने जीएच नंबर 3, 4 और 6 के कॉमन गेट से और फिर जीएच नंबर 4 के मुख्य गेट से प्रवेश किया था। संदिग्ध को हॉस्टल में प्रवेश करने से पहले साइकिल पार्किंग में घूमते देखा गया था। आरोपी करीब 20 मिनट तक हॉस्टल में रहा था।
डीएसपी ने पुलिस टीम के साथ किया दौरा
पीयू में डीएसपी ने भी पुलिस टीम के साथ जांच के लिए दौरा कर डीएसडब्ल्यू के साथ भी बैठक की। पुलिस की ओर से जीएच-4 में घुसे संदिग्ध की पहचान के साथ, हॉस्टलों में लगातार हो रही चोरियों के मसले पर भी जांच की जा रही है।
चोरी के मामले चिंताजनक, परीक्षाओं में छात्र हो रहे परेशान
पीयू सुरक्षा प्रमुख का भी होना चाहिए बदलाव
पिछले लंबे समय से परिसर में चोरी की वारदातें दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। पीयू परिसर में न तो सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जा रही है और न ही सुरक्षा प्रमुखों की संख्या बढ़ाई जा रही है। सुरक्षा प्रमुख का भी बदलाव होना चाहिए जिससे सुरक्षा मामले में सख्ती बरती जा सके। -आयुष खटकड़, अध्यक्ष, स्टूडेंट काउंसिल
हॉस्टलों के सभी प्रवेश द्वार पर इंस्टाल हों कैमरे
पीयू प्रशासन को हॉस्टलों के सभी प्रवेश द्वारों पर कैमरे इंस्टाल करवाने चाहिए। इसके साथ ही सुरक्षा प्रमुखों को भी जागरूक करना चाहिए कि वह हॉस्टल में प्रवेश करने वाले युवाओं की औचक जांच कर आईडी देखें। जिससे छात्रों में जांच का भय बने और चोरी जैसी वारदातें कम हो सकें। - परवेश बिश्नोई, जनरल सेक्रेटरी, स्टूडेंट काउंसिल
पीयू में अपराध वारदातें सुरक्षा पर उठा रही सवाल
पीयू में प्रतिदिन बढ़ रहे अपराध जैसे लैपटॉप-बाइक-कार बैटरी चोरी, संदिग्ध आदमी का हॉस्टल में घुसना चिंता का विषय है। इस कारण हॉस्टल के छात्रों में भय का माहौल बन गया है। यह पीयू की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। पीयू प्रशासन को इस पर जल्द सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। -मनीष बूरा, ज्वाइंट सेक्रेटरी, स्टूडेंट काउंसिल