चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के पहले सेमेस्टर में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 सितंबर कर दी है। संशोधित शेड्यूल के अनुसार 10 सितंबर तक छात्र सामान्य प्रक्रिया के तहत दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद लेट फीस के साथ प्रवेश दिया जाएगा। 11 से 15 सितंबर के बीच दाखिले के लिए संबंधित विभाग के चेयरपर्सन या विभागाध्यक्ष की मंजूरी जरूरी होगी। इस अवधि में 2315 रुपये लेट फीस देनी होगी।
वहीं, 16 से 18 सितंबर के बीच दाखिले के लिए वाइस चांसलर की अनुमति लेनी होगी और 5790 रुपये लेट फीस जमा करनी होगी। यूनिवर्सिटी के इस फैसले से उन छात्रों को राहत मिलेगी, जो किसी कारण से अभी तक यूजी या पीजी के पहले सेमेस्टर में दाखिला नहीं ले पाए हैं।