चंडीगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा के 7 सितंबर तक प्रस्तावित सप्ताहभर के धरने को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसानों को शहर में प्रवेश से रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा तैयार किया है। करीब 4000 पुलिसकर्मी, छह फीट लंबी 1000 लाठियां, करीब 40 कंटीले तारों के रोल और बड़ी संख्या में एंटी-रायट उपकरण तैनात किए जाएंगे। सबसे मजबूत सुरक्षा घेरा फैदा बैरियर पर बनाया गया है।
फैदा बैरियर पर सबसे मजबूत पहरा
पुलिस मुख्यालय के ड्यूटी चार्ट के मुताबिक फैदा बैरियर सेक्टर-48 साइड को मुख्य पाॅइंट बनाया गया है। यहां प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए 300 लंबी लाठियां और 20 कंटीले तारों के रोल लगाए जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-48 गोल्फ टर्न टी-प्वाइंट पर 200 लाठियां और पांच तारों के रोल, वाइन शॉप टर्न के पास 250 लाठियां और आठ रोल, सेक्टर-48-49 की डिवाइडिंग रोड पर 100 लाठियां और आठ रोल तथा सेक्टर-49-50 की डिवाइडिंग रोड पर 100 लाठियां और आठ रोल रखे जाएंगे। पंजाब लोकभवन के पास भी 50 लाठियां तैनात रहेंगी।
24 घंटे चार हजार जवान संभालेंगे मोर्चा
सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1500 लोकल पुलिसकर्मियों के साथ रैपिड एक्शन फोर्स समेत कुल 4000 जवान तैनात रहेंगे। सातों दिन 24 घंटे अलग-अलग शिफ्ट में पुलिसकर्मी ड्यूटी देंगे। हर शिफ्ट में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एसडीपीओ साउथ, एसडीपीओ साउथ-वेस्ट, एसडीपीओ नॉर्थ-ईस्ट, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी मुख्यालय और डीएसपी ऑपरेशन स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे। थाना सेक्टर-31, 34, 49, 26, 3, 39 के अलावा पीसीआर, आईआरबी, ऑपरेशन सेल, एजीटीएफ, एएनटीएफ, पुलिस लाइन, सुरक्षा विंग और इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस को भी अलग-अलग प्वाइंट की जिम्मेदारी दी गई है।
फैदा पर वज्र और वाटर कैनन तैयार
फैदा बैरियर पर दिन और रात दोनों समय डबल शिफ्ट में अधिकारी तैनात रहेंगे। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए वज्र वाहन, सीपी वज्र, वाटर कैनन, फायर टेंडर, पीए सिस्टम, मेगाफोन, बसें और टिप्पर तैयार रखे जाएंगे। हर बैरियर पर एंटी-रायट उपकरण, लंबी लाठियां, सी-वायर और इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था रहेगी। पुलिस कंट्रोल रूम से सभी प्रमुख बैरियरों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने के लिए साइबर क्राइम अधिकारियों को भी निगरानी में लगाया गया है।
48-49 से 55-56 तक सुरक्षा घेरा
फैदा बैरियर के अलावा गोल्फ टर्न, वाइन शॉप टर्न, सेक्टर-48-49 और 49-50 की डिवाइडिंग रोड के साथ सेक्टर-50-51, 51-52, 52-53, 53-54, 54-55 और 55-56 की डिवाइडिंग रोड पर भी बैरिकेडिंग की गई है। इन प्वाइंटों पर थाना पुलिस के साथ पीएस-सीसी और आईआरबी के जवान रिजर्व फोर्स के तौर पर मौजूद रहेंगे।
लोकभवन और सीएम आवास के आसपास भी कड़ी सुरक्षा
पंजाब लोकभवन और पंजाब के मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। यहां डीएसपी की निगरानी में सेक्टर-26 और सेक्टर-3 थाने की पुलिस तैनात रहेगी। इन संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है।
जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन
धरने के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी डायवर्जन प्लान तैयार किया है। सेक्टर-48-49 और 49-50 की डिवाइडिंग रोड पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों को फैदा बैरियर पर ही रोकने की योजना है और उन्हें शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा इंतजाम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए हैं। जवानों को संयम बरतने और शांतिपूर्ण तरीके से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।