चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के स्नातक व परास्नातक के सम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 28 जून से होने जा रही हैं। दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 9 जुलाई से होंगी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र वेबसाइट के जरिए उपलब्ध कराए जाएंगे। पीयू की वेबसाइट पर जाकर विद्यार्थी समय-समय पर सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पीयू ने कहा है कि नियमित विद्यार्थियों को उनके कॉलेजों व संस्थानों की ओर से रोल नंबर जारी किए जाएंगे। निजी और यूएसओएल के विद्यार्थी पीयू की वेबसाइट से अपने रोल नंबर डाउनलोड कर सकते हैं। यह वेबसाइट ugexam.puchd.ac.in और pgexam .puchd.ac.in हैं। इन्हीं के जरिए प्रश्नपत्र भी मिलेगा। प्रश्नपत्र विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 15 से 20 मिनट पहले मिल जाएगा। विद्यार्थियों को ए फॉर साइज की उत्तर पुस्तिका पर उत्तर लिखने होंगे। विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका के एक ही तरफ उत्तर लिखने होंगे। गोपनीयता के लिए उत्तर पुस्तिका के पहले पृष्ठ का प्रारूप संशोधित किया गया है, जो वेबसाइट पर उपलब्ध होगा, जिसे विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका के साथ लगाएंगे। उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ परीक्षा समाप्ति के 60 मिनट के अंदर अपलोड करनी होगी। इस बार विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और पुन: जांच की अनुमति दी गई है। पीयू ने कहा है कि विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर विस्तृत जानकारी ले सकते हैं।