चंडीगढ़। पीयू ने लगातार तीसरी बार मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी पर कब्जा कर जीत की हैट्रिक बनाई है। इसकी खुशी में मंगलवार को परिसर में इस जीत का जश्न मनाया गया। वीसी प्रो. राजकुमार ने इस अविश्वसनीय जीत पर पीयू परिवार के हरसदस्य को बधाई दी। इस दौरान माका ट्रॉफी को फूलों से सजी जीप पर रखकर परिसर में विजय जुलूस निकाला गया। इस अवसर पर पीयू के सभी वरिष्ठ अधिकारी, खेल कोच, प्रशासनिक और ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रो. राजकुमार ने खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने पर खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं देने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि यह जश्न पीयू के 50 साल के लंबे अंतराल के बाद बनाई गई हैट्रिक केउपलक्ष्य में है। पीयू के छात्रों और कर्मचारियों ने ढोल की थाप पर भंगड़ा डालते हुए वीसी कार्यालय से विजय जुलूस निकाला। फूलों से सजी जीप पर प्रो. राजकुमार, शारीरिक शिक्षा व खेल निदेशक प्रो. प्रशांत गौतम ट्रॉफी के साथ सभी को बधाई देते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान मुंह भी मीठा कराया गया। कार्यक्रम में विक्रम नैय्यर, प्रो. अंजू सूरी, प्रो. एसके तोमर, राकेश मलिक, नीरू मलिक मौजूद थीं।