चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के 104 वर्ष के एलुमनाई सही राम बिश्नोई के निधन पर वाइंस चांसलर प्रो. रेनू विग ने दुख व्यक्त किया है। सही राम का 22 मई 2026 को सुबह निधन हो गया। उन्होंने सिरसा जिले के डबवाली उपमंडल के गांव सकत्ता खेड़ा में अपनी अंतिम सांस ली। वे जनसंघ के पूर्व विधायक और अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के पूर्व अध्यक्ष भी रहे।
वीसी ने कहा कि सही राम बिश्नोई का पूरा जीवन साहस, विनम्रता और समाज सेवा के मूल्यों से भरा हुआ था। उनके जीवन से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि सही राम बिश्नोई केवल पंजाब यूनिवर्सिटी के एक प्रतिष्ठित पूर्व छात्र ही नहीं थे, बल्कि वे यूनिवर्सिटी के विभाजन से पहले के इतिहास और भारत में उसके बाद के सफर के बीच एक मजबूत कड़ी भी थे। सही राम बिश्नोई ने हमेशा दूसरों की भलाई को अपनी प्राथमिकता बनाया और जीवनभर समाज कल्याण व जनसेवा के कार्यों से जुड़े रहे। उनके आदर्श, सोच और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते रहेंगे।