बठिंडा थर्मल प्लांट को पंजाब शहरी विका प्रधिकरण (पुडा) के हवाले करने की मंजूरी देने के बाद सूबा सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई। मंगलवार को अकाली दल के पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने पार्टी कार्यकर्ताओं समेत अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित थर्मल प्लांट के पास वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया।
पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने कहा कि चुनाव के समय मनप्रीत बादल ने गोल डिग्गी पर एक रैली में लोगों से वादा किया था कि वो थर्मल प्लांट को किसी भी हालत में बंद नहीं होने देंगे। कांग्रेस सरकार बनने पर वह इसे फिर से चालू करेंगे। सिंगला ने आरोप लगाया कि मनप्रीत बादल इस वादे से लोगों से वोट प्राप्त कर सरकार में मंत्री बन गए और थर्मल चलाने की बजाय अब उसे पुडा के हवाले करने की मंजूरी देने में कामयाब हो गए। यह लोगों के साथ सरासर धोखा है।
यह भी पढ़ें- बिहार पुलिस को नहीं मिले सिद्धू, घर के बाहर कानूनी नोटिस चिपकाया, बढ़ सकती मुश्किलें
सिंगला ने कहा कि अगर सरकार को थर्मल प्लांट नहीं चलाना था तो इस जगह पर कोई छोटी-मोटी इंडस्ट्री लगाकर लोगों को रोजगार दे सकती थी। सरकार ने तो अपना खजाना भरने के लिए सरकारी जमीनों को बेचना शुरू कर दिया, जो सूबे के लिए खतरे की घंटी है। पूर्व विधायक सिंगला ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर इस निर्णय को न बदला तो अकाली दल बडे़ स्तर पर सरकार के खिलाफ संघर्ष शुरू करेगा।
मुक्तसर: बठिंडा थर्मल प्लांट बेचने के फैसले का विरोध
बिजली कर्मचारियों ने श्री गुरु नानक देव जी थर्मल प्लांट की 1,764 एकड़ जमीन बेचने के फैसले के विरोध में रैली की। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान कर्मचारियों से किए वादे पूरे नहीं किए, उल्टा रोजगार छीनने पर तुली है। वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने लोगों के साथ वादा किया था कि बठिंडा थर्मल प्लांट की चिमनियों से धुआं निकलना बंद नहीं होगा
अब सरकार तो थर्मल प्लांट बेचने पर तुली है। सरकार की नीतियों के कारण लोगों को महंगे दामों पर बिजली मिल रही है। डिवीजन प्रधान बलजिंदर शर्मा, सचिव शमशेर सिंह, गुरसेवक सिंह, करमजीत सिंह, देसराज, जंगीर सिंह, छिंदरपाल सिंह, कृष्ण लाल, बलविंदर सिंह इस दौरान मौजूद रहे।