अपनी मांगों के समर्थन में लंबे समय से संघर्ष कर रहे सरकारी स्कूलों के कंप्यूटर शिक्षक वीरवार को डाटा एंट्री ऑपरेटर्स के साथ एक दिन की भूख हड़ताल पर बैठे। सुबह 160 शिक्षक और डाटा एंट्री ऑपरेटर्स सेक्टर 16-17 लाइट प्वाइंट पर एकत्र हुए।
उन्होंने अपने मुंह पर काली पट्टी बांधी हुई थी और हाथों में प्ले कार्ड लिए हुए थे। लगभग डेढ़ घंटे तक यहां खड़ा रहने के बाद शिक्षक सेक्टर-16 से सेक्टर-20 स्थित मस्जिद ग्राउंड की ओर बढ़े। शुक्रवार को सुबह शिक्षक सेक्टर-9 में मटका चौक पर एकत्र होंगे और यहां से राजभवन के लिए मार्च करेंगे।
सरकारी स्कूलों पर कांट्रैक्ट पर काम कर रहे कंप्यूटर शिक्षक मांग कर रहे हैं कि उन्हें पंजाब सरकार के नियमों के तहत नियमित किया जाए। उनका कहना है कि वे पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में हैं और अगर उन्हें कुछ हो जाता है तो इसके लिए प्रशासन के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
शिक्षकों ने अपनी शिकायत प्रधानमंत्री को भी भेजी है। उनका कहना है कि वे 30 दिसंबर को मुल्लांपुर आ रहे प्रधानमंत्री से भी मिलने की कोशिश करेंगे।