गांव खुड्डाअली के निवासी चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लोग प्रशासन द्वारा मेन रोड पर शराब का ठेका खोलने से नाराज हैं।
लोगों का कहना है कि शराब का ठेका खुलने से गांव के हालात खराब हो जायेंगे। घर की बहू-बेटियों का बाहर निकलना दूभर हो जायेगा।
गांव के सरपंच डॉ. हुकम चंद ने बताया कि शराब का ठेका खुलने से गांववासियों में काफी रोष है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन सिर्फ अपना फायदा सोच रहा है, उसे लोगों की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है। अपने फायदे के लिए प्रशासन लोगों की परवाह किये बिना शराब का ठेका खोलने के लिए लाइसेंस दे देता है।
सरपंच ने बताया कि प्रशासन के खिलाफ लोगों का गुस्सा उग्र रूप लिए हुए है। अगर प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।