नगर निगम की बैठक में प्रापर्टी टैक्स जमा कराने के प्रस्ताव को एक महीना बढ़ाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया है। अब इसे प्रशासन के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
प्रशासन जिस तारीख से मंजूरी देगा, उससे एक महीना का समय मिलेगा। हालांकि कई सदस्यों ने इसकी तारीख 31 मार्च तक बढ़ाने की बात कही। वहीं दक्षिणी सेक्टरों में घरों में हैंडपंप लगाने का एजेंडा भी पास कर दिया गया।
हैंड पंप का पानी कपड़े धोने, बगीचों की सिंचाई, कार धोने के काम में आएगा। इस पर अगली बैठक में विस्तृत एजेंडा आएगा। हैंडपंप लगाने पर नगर निगम किसी भी प्रकार का चार्ज नहीं करेगा।
पार्षद प्रदीप छाबड़ा ने सदन में चर्चा के दौरान कहा कि संपर्क सेंटर में प्रापर्टी टैक्स जमा कराने में लोगों को परेशानी हो रही है। सॉफ्टवेयर ठीक नहीं है। बैठक में यह भी कहा गया कि 125 वर्ग यार्ड के कम प्लॉट पर कोई प्रॉपर्टी टैक्स नहीं लगेगा।
वहीं बिटुमन (डांबर) की कीमतों में कुछ समय में ही दुगने का अंतर होने के कारण सड़क से संबंधित कई एजेंडों को टाल दिया गया। यह एजेंडा बाद में आएगा।
हालांकि विपक्षी भी इसे पास करने को तैयार थे लेकिन मनोनीत पार्षद सुरिंदर बहगा ने इनके एस्टीमेट को देखा और बहस के दौरान इसके रेट के अंतर समझाए।
नगर निगम ने रैन बसेरा भी बनाने का फैसला लिया है। बैठक के दौरान पूरक एजेंडा पर रैन बसेरे के निर्माण पर चर्चा हुई। इसकी विस्तृत रिपोर्ट अगले बैठक में आएगी।