हरियाणा सरकार ने दो हजार वर्ग फुट तक के फ्लैट मालिकों को बड़ी राहत दी है। हरियाणा में इन फ्लैट मालिकों का प्रॉपर्टी टैक्स आधा कर दिया गया है।
इससे राज्य के 80 प्रतिशत फ्लैट मालिकों को लाभ होगा। यह निर्णय देर शाम हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। अमर उजाला ने इस मुददे को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। इसके बाद शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सावित्री जिंदल ने आश्वासन दिया था।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में दस हजार कीमत वाले मोबाइल फोन से वैट आठ प्रतिशत से घटाकर सरकार ने पांच प्रतिशत कर दिया है।
हालांकि, दस हजार रुपये से अधिक कीमत वाले मोबाइल फोन पर वैट यथावत रहेगा। राज्य में साइंस उपकरणों से वैट 12 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है। अंबाला में इसका बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि अंबाला सांइस उपकरण का हब है।
इसके अलावा 2012-13 के प्रॉपर्टी टैक्स में दी जा रही 30 प्रतिशत की छूट 31 मार्च 2014 तक जारी रहेगी। जबकि, 2013-14 के प्रॉपर्टी टैक्स पर दस प्रतिशत की छूट 31 जुलाई 2014 तक जारी रहेगी।
प्रॉपर्टी टैक्स पर यह छूट तब मिलेगी, 31 मार्च 2014 तक का पूरा प्रॉपर्टी टैक्स जमा होगा। कंप्यूटर टीचरों के रुके हुए वेतन के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका बकाया वेतन देने के आदेश दे दिए गए हैं।
नगर पालिका और नगर निगम में एक अप्रैल 2010 तक जो गांव शामिल हुए हैं और लाल डोर के अंदर हैं, वहां तक के मकानों पर 31 मार्च 2016 तक कोई प्रॉपर्टी टैक्स नहीं लगेगा।
सरकार ने पेट्रोल पंप, आईटी पार्क, साइबर सिटी और पार्क हाउसेज पर कॉमर्शियल टैक्स आधा कर दिया है।
कैबिनेट की बैठक में एक बड़ा निर्णय यह भी लिया गया कि गुड़गांव के उल्हावास स्थित राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट की लीज की अवधि बढ़ा दी गई है।
बैठक के दौरान सरकार ने सरकारी समितियों के कर्मचारियों के सेवा नियमों में भी संशोधन किया है।