हरियाणा में भ्रष्टाचार रोकने के लिए सरकार कड़े कदम उठाने जा रही है। इसके तहत जमीन की रजिस्ट्री में होने वाले पैसों के गलत लेन-देन को रोकने के लिए अब लोगों को रजिस्ट्री घर पर बाय पोस्ट भिजवाने का फैसला किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रापर्टी की रजिस्ट्री में चलने वाला भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्प्त किया जाए। पटवारी से लेकर तहसीलदार तक चलने वाली पैसे की चेन का खात्मा किया जाए।
नई व्यवस्था के मुताबिक, सरकार की वेबसाइट पर सेल परचेज का टेंपलेट मौजूद रहेगा। इसके अलावा चेक लिस्ट भी दी जाएगी, जिसके माध्यम से जमीन के खरीददार और बिक्री वाले लोग अपने कागजात पूरे कर सकेंगे।
जिले और तहसीलों में मौजूद ई-दिशा केंद्र के माध्यम से लोगों को रजिस्ट्री के तिथि मिल जाएगी। इसके बाद यह पूछा जाएगा कि रजिस्ट्री संबंधित व्यक्ति के घर भेजी जानी है या फिर वह व्यक्ति खुद आकर रजिस्ट्री लेना चाहता है। यदि संबंधित व्यक्ति घर पर रजिस्ट्री मंगवाना चाहता है तो 100 से 200 रुपये खर्च लेकर रजिस्ट्री तय समय सीमा में उसके घर भेज दी जाएगी।