मृतक प्रॉपर्टी डीलर की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर के रहीमपुर-फगवाड़ा रोड स्थित माउंट एवेन्यू कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू की। मृतक की पहचान रघुवीर सिंह के रूप में हुई है जो खेतीबाड़ी करने के साथ-साथ प्रापर्टी डीलर का काम करता था।
रघुवीर ने अपने कमरे में शुक्रवार सुबह खुद को गोली मार ली। इस दौरान उसके बुजुर्ग माता-पिता और बच्चे घर पर ही थे। मृतक के पास से कागज का एक टुकड़ा मिला है जिस पर सिर्फ इतना ही लिखा है कि डिसीजन लेना, मरना तो सबको है कोई पहले कोई बाद, निकलना सबको पड़ेगा।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई कि आखिर रघुवीर सिंह ने आत्महत्या क्यों की ? मामले की जांच की जा रही है।
बठिंडा: पैसे के लेनदेन में व्यक्ति ने की खुदकुशी
रामपुरा फूल में एक व्यक्ति ने पैसे के लेनदेन के मामले से परेशान होकर कोई जहरीली चीज निगलकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मामले में थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव बालियांवाली के रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस को शिकायत देकर रामपुरा मंडी निवासी योगेश सिंगला ने बताया कि उसके भाई रोहित सिंगला ने आरोपी निक्का राम निवासी गांव बालियांवाली से तंग होकर दो जनवरी को जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली है। भाई का आरोपी निक्का राम के साथ पैसे के लेनदेन का झगड़ा चल रहा था। जिसके कारण उसका भाई पिछले कुछ दिनों से इसी बात को लेकर परेशान भी था।