चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रो. रेणु विग ने सोमवार शाम को छात्रसंघ के पदाधिकारियों के साथ पहली आधिकारिक बैठक की। इस दौरान पदाधिकारियों से परिसर में विद्यार्थियों के मुद्दों पर चर्चा की गई और उन्हें हल करने लिए सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने एसी जोशी पुस्कालय के पहले तल और इनर रीडिंग हॉल के साथ साउथ परिसर में बने रीडिंग हॉल को भी 24 घंटे खोलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पुस्कालय में रात के समय पहला तल बंद होने के बाद विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे उन्हें परेशान होना पड़ता है। बीडीएस और एमडीएस के छात्रों के स्टाइपेंड को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस पर वीसी प्रो. रेणु विग ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को लेकर मंत्रालय को पत्र लिखेंगी। पीयू छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने साउथ परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। सेक्टर-25 स्लम एरिया की तरफ पीयू की दीवारों पर फेंसिंग की मांग की। इसके साथ ही सुरक्षा प्रमुखों की संख्या बढ़ाने और पर्याप्त लाइट लगाने के लिए कहा गया।
इस दौरान पीयू छात्रसंघ का संविधान बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष जतिंदर ने छात्रसंघ के इसके लिए पीयू चांसलर के साथ बैठक की मांग रखी। इसके साथ ही डीएसडब्ल्यू ने छात्रसंघ पदाधिकारियों को छेड़छाड़ और स्वच्छता के मुद्दे पर विद्यार्थियों में जागरूकता बनाए रखने के लिए कहा। बैठक में पीयू छात्रसंघ के अध्यक्ष जतिंदर सिंह, उपाध्यक्ष रमनीकजोत कौर, संयुक्त सचिव गौरव चहल, एग्जीक्यूटिव डीआर दक्ष कोहली, रितिका चंदेल, परमजीत सिंह, ध्रुविका और लवनीश पुरी, डीएसडब्ल्यू प्रो. जतिंदर ग्रोवर, डॉ. सिमरत काहलों और डॉ. नरेश मौजूद रहे।