चंडीगढ़। मलोया स्मॉल फ्लैट में रहने वाले हजारों लोग सोमवार को पूरा दिन पानी के लिए तरसते रहे। इलाके में रविवार सुबह के बाद से पानी नहीं आया, जिसकी वजह से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सोमवार सुबह उन्होंने कॉलोनी में ट्यूबवेल ऑपरेटर का घेराव किया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सोमवार रात 9 बजे पानी आया। लोगों ने बताया कि पानी की रविवार से ही मलोया स्मॉल फ्लैट के घरों में पानी की समस्या आने लगी थी। कई घरों में पानी बिल्कुल नहीं आया तो कई में बहुत कम प्रेशर था। सोमवार सुबह पानी आया ही नहीं। इसके बाद लोग कारण जानने के लिए कॉलोनी में स्थित ट्यूबवेल ऑपरेटर के पास पहुंचे और अपनी समस्या बताई। जवाब मिला कि ट्यूबवेल का पैनल शॉट है और फॉल्ट मिल नहीं रहा, जिसकी वजह से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। हालांकि बाद में पता चला कि समस्या बिजली के ट्रांसफार्मर में है। लोगों ने इस पर हंगामा किया और मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लोगों को समझाया। हालांकि लोग जल्द पानी देने की मांग पर अड़े रहे।
स्थानीय रंजीत यादव ने कहा कि पहले भी कई बार पानी की सप्लाई ठप हो जाती है। इसका स्थाई समाधान होना चाहिए। लोगों ने कहा कि शहर के सभी ट्यूबवेल पर एरिया के जेई और एसडीई का नंबर होना चाहिए क्योंकि फाल्ट आने की स्थिति में ट्यूबवेल ऑपरेटर अधिकारियों के साथ बात करने को कहते हैं लेकिन वो उनके नंबर नहीं देते। लोगों ने मांग रखी कि ट्यूबवेल कपास जनरेटर होना चाहिए।
ट्यूबवेल में तकनीकी समस्या आने की वजह से पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी। शाम को अलग-अलग विंग के अधिकारियों ने मिलकर समस्या को दूर किया और रात में पानी की आपूर्ति को बहाल कर दिया गया। -सीबी ओझा, मुख्य अभियंता, यूटी प्रशासन