धमकी देने के मामले में गैंगस्टर संपत नेहरा को कोर्ट में पेश करने के लिए जिला अदालत ने प्रोडक्शन वारंट जारी किए हैं। संपत नेहरा अभी कपूरथला जेल में बंद है। मामले की अगली सुनवाई 27 फरवरी को होगी। अगस्त 2019 में अदालत ने आईपीसी की धारा 506 (धमकी के लिए दंड) और 195 ए (किसी व्यक्ति को झूठे सबूत पेश करने के लिए धमकी देना) के तहत आरोपी गैंगस्टर पर आरोप तय किए थे।
मामला 8 जून 2018 का है, जब संपत नेहरा के खिलाफ सेक्टर-36 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। 29 मई 2018 को बुड़ैल गांव निवासी 51 वर्षीय मोहम्मद कलाम ने सेक्टर-9 पुलिस हेड क्वाटर के सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट को एक शिकायत लिखी। शिकायत में उन्होंने धमकी मिलने की जानकारी दी। उसने शिकायत में उल्लेख किया कि वह गांव कजहेड़ी में एक होटल चलाता है। 29 मई 2018 को उन्हें व्हाट्सएप कॉल आई। दूसरी ओर से बात करने वाले ने अपनी पहचान संपत नेहरा के रूप में बताई। बताया कि फोन पर उन्हें कहा गया कि अगर उन्होंने काली भाई के पक्ष में बयान नहीं दिया तो उन्हें और उनके परिवार वालों को जान से मार दिया जाएगा।
कलाम ने बताया कि अदालत में मामला सूचीबद्ध होने से पहले उन्हें एक अनजान नंबर से मैसेज और फोन आया। उनसे कहा गया कि भाई केस वापस ले ले। नेहरा ने धमकी दी कि काली हमारा भाई है अगर उन्होंने केस वापस नहीं लिया तो किसी भी समय उन्हें मार दिया जाएगा। इस बात का उल्लेख करते हुए उन्होंने पुलिस से मामले को देखकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। काली राजपूत मोहाली के बलौंगी का निवासी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है और जबरन वसूली, हत्या और हत्या प्रयास के मामलों में शामिल है। जेल में रहने के दौरान काली बिश्नोई के संपर्क में आया था।
इस मामले में कलाम ने काली गैंग के खिलाफ दर्ज कराई थी शिकायत
एक पुराने मामले में मोहम्मद कलाम ने काली गैंग के सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 8 दिसंबर 2017 को कलाम को सेक्टर-42 झील पर काली से मिलने आने की धमकी मिली थी। वह अपने एक दोस्त की स्कॉर्पियो कार लेकर झील पर पहुंच गए। इस दौरान चार आरोपियों ने बंदूक के बल पर कलाम को गाड़ी में बैठाकर उनका अपहरण कर लिया। बाद में उन्हें गाड़ी से बाहर फेंककर आरोपी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए और स्कॉर्पियो वापस लेने के लिए उनसे दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। 10 दिसंबर 2017 को उन्होंने 50 हजार रुपये दे दिए, लेकिन गाड़ी वापस नहीं की गई। जब कलाम ने पुलिस को मामले की जानकारी दी तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। गैंगस्टर काली की ओर से कॉल करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने कजहेड़ी से गिरफ्तार किया था।