चंडीगढ़। पीजीआई के प्रो. विपिन कौशल को शुक्रवार को चिकित्सा अधीक्षक का चार्ज दिया गया है। तत्कालीन चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता के 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने पर पीजीआई प्रशासन ने वरीयता के आधार पर डॉ. कौशल को चार्ज दिया है। डॉ. अनिल गुप्ता समेत 19 लोग सेवानिवृत्त हुए। पीजीआई निदेशक व डीडीए के साथ अन्य फैकल्टी ने उन्हें विदाई दी।
मूलत: जम्मू के निवासी प्रो. विपिन कौशल साल 2000 में पीजीआई में उप चिकित्सा अधीक्षक के पद पर तैनात हुए थे। इस दौरान 2008 से 2012 तक डेपुटेशन पर जीएमसीएच 32 के एमएस भी रह चुके हैं। उसके बाद पुन: पीजीआई में एडिशनल मेडिकल सुपरिंटेंडेट का पदभार संभाला। 2015 में पीजीआई रोटो के नोडल अधिकारी बनाए गए, जिसका अब तक सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं। वहीं, महामारी के दौरान 18 महीने से पीजीआई कोविड अस्पताल के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। डॉ. कौशल ने कोविड काल में मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के साथ सहयोगियों की छोटी से छोटी समस्या का तत्परता से समाधान किया।