स्कूलों में ज्यादा छुट्टियां होने के कारण बच्चों का सिलेबस समय से पूरा नहीं होने के कारण अब हरियाणा सरकार ने प्राइवेट स्कूलों को नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को सर्दियों की छुट्टियों में भी पढ़ाने की अनुमति दे दी है। मंगलवार को यह जानकारी हरियाणा सरकार ने पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट को दी।
हरियाणा प्राइवेट स्कूल वेलफेयर ट्रस्ट ने एडवोकेट पंकज मैनी के जरिए हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा था कि सरकार समय-समय पर कई कारणों से छुट्टी घोषित कर देती है। कभी सर्दी तो कभी त्योहार के नाम पर छुट्टी घोषित कर दी जाती है।
सरकार द्वारा काफी संख्या में छुट्टियां दी जाती हैं और इसके बाद इस तरह बीच-बीच में भी कई बार छुट्टियों का एलान कर दिया जाता है। इससे स्कूलों में बच्चों का पठन पाठन काफी प्रभावित हो रहा है। स्कूल सत्र के अपने शैक्षिक कार्य दिवस भी पूरे नहीं कर पाते हैं। इस कारण बच्चों का सिलेबस अधूरा रह जाता है। ऐसे में सर्दियों की छुट्टियों में नौवीं से बारहवीं कक्षा के बच्चों को पढ़ाने की इजाजत मांगी गई थी।
इसके बाद हाईकोर्ट ने सरकार को आदेश दिए थे कि वह प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्णय ले। इसी आदेश के अनुरूप शुक्रवार को बैठक में चर्चा हुई कि इस बार सीबीएसई अपनी परीक्षाएं भी 15 दिन पहले आयोजित करने जा रहा है। इससे विद्यार्थियों का सिलेबस पूरा होने में मुश्किल होगी। इसी के तहत स्कूलों को कक्षाएं लगाने की अनुमति दी गई है।
इन नियमों का करना होगा पालन
स्कूलों को कक्षाएं लगाने की अनुमति तो मिल गई है लेकिन इसके लिए कुछ अनिवार्य शर्तें रखी गई हैं। शर्तों के अनुसार स्कूल का समय 11 बजे से 2 बजे के बीच ही होगा। कक्षाओं की अनुमति तभी होगी जब हीटिंग और लाइटिंग का पूरा इंतजाम होगा। इसके लिए विद्यार्थियों के अभिभावकों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं वसूली जाएगी तथा कक्षाओं के लिए विद्यार्थियों के अभिभावकों से पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी।