जिला जेल बरनाला से विगत दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में कैदी व हवालाती अपनी दर्द भरी कहानी बता रहे हैं। मामले में थाना सिटी-1 की पुलिस ने जेल सुपरिंटेंडेंट गुरप्रीत सिंह के बयान पर कैदी सुरजीत सिंह निवासी लुधियाना, हवालाती गुरचरण सिंह निवासी चक्र शेर वाला, हवालाती लंबर सिंह निवासी गांव चाऊके जिला बंठिडा व कैदी चरणजीत सिंह निवासी बरनाला पर केस दर्ज कर लिया है।
वीडियो में हवालाती ने आरोप लगाते हुए कहा है कि जिला जेल सुपरिंटेंडेंट व डिप्टी उन्हें परेशान करते हैं। खुद ही पैसे लेकर उन पर ही पर्चा डाल दिया। अगर वह बयान देते हैं तो चालान देने की धमकियां दी जाती हैं। उन्हें जिला जेल बरनाला से गुरदासपुर व कालापानी भेजने की धमकियां दी जाती हैं। वह शिकायत करते हैं तो मारपीट की जाती है।
आप सभी से विनती कि हमें इंसाफ दिलवाया जाए। इसी प्रकार दूसरी वीडियो में हवालात में बंद हवालाती चरणजीत सिंह निवासी चननवाल बरनाला ने बताया कि जेल सुपरिंटेंडेंट उन्हें टॉर्चर करता है। वह मारपीट करता है। उसे धमकी दी जाती है कि उसका चालान पेश किया जाएगा।
उसकी मांग है कि उसको इंसाफ दिलवाया जाए व उसका जो फैसला बनता है वह किया जाए व जिला जेल से निकाला जाए। मामले की जांच कर रहे थाना सिटी एक के प्रभारी गुरवीर सिंह ने कहा कि जिला जेल से सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना कानूनी अपराध है, जिसके तहत केस दर्ज किया गया है।