चंडीगढ़ में सब्जियों के दाम बढ़े
- फोटो : संवाद
महंगाई के कारण आम जनता परेशान है। कभी तेल-रिफाइंड तो कभी प्याज और टमाटर पर छाई महंगाई लोगों के लिए परेशानी बन गई है। इन दिनों सब्जियों के दाम में आई तेजी से भी लोग काफी चिंतित हैं। वहीं, महीना पहले बढ़े आटे के दाम ने भी लोग जूझ रहे हैं।
अब तो यहां तक कहा जाने लगा है कि इस महंगाई के दौर में दाल तो छोड़िए सब्जी-रोटी खाना भी मुश्किल होने लगा है। स्थिति यह है कि सभी सब्जियों पर प्रति किलो 15 से 20 रुपये की तेजी आई है। मौजूदा समय में सिर्फ मिर्ची, आलू और घीया 40 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। अन्य सभी सब्जियां 60 से 120 रुपये किलो तक बिक रही है।
सेक्टर-26 स्थित मंडी के सब्जी विक्रेता पिंटू ने बताया कि पीछे से सब्जियों की आपूर्ति तेजी से कम हो रही है। कहा जा रहा है कि अन्य जगहों पर हुई बरसात के कारण फसल बहुत खराब हुई हैं। इसके कारण दाम में लगातार तेजी बनी हुई है। वहीं, जो माल मंडी में पहुंच रहा है, उसमें से काफी गर्मी और उमस के कारण रास्ते में ही खराब हो जा रहा है। सब्जियों की कीमत में तेजी के लिए यह कारण भी जिम्मेदार है।
क्या खाएं और क्या बचाएं
सेक्टर-19 निवासी सुरभि का कहना है कि महंगाई के कारण स्थिति खराब होती जा रही है। पिछली बार सब्जियां कब सस्ती हुई थी याद ही नहीं रहा। सेक्टर-45 निवासी ममता सिंह ने बताया कि टमाटर, प्याज, भिंडी, शिमला मिर्च, गोभी यह सभी सब्जियां महंगाई के कारण खाना कम कर दिया है। एक बात समझ में नहीं आ रही है कि आलू खाकर कोई कब तक स्वस्थ रह सकता है। सरकार को महंगाई से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
आटा का भाव भी बढ़ा
ऑल इंडिया रिटेल किरयाना एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन ने बताया कि आटे के 10 किलो के पैकेट पर 30 से 40 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले जो चक्की का आटा 330 रुपये का 10 किलो मिलता था। वह 360 से 370 पर पहुंच गया है।
सब्जियों पर छाई महंगाई
सब्जी कीमत प्रति किलो
गोभी 120 रुपये
शिमला मिर्च 140 रुपये
टमाटर 70-80 रुपये
भिंडी 70 से 80 रुपये
तोरई 70 रुपये
धनिया पत्ती 200 रुपये
मिर्ची 40 रुपये
अदरक 90 रुपये
आलू 40 रुपये
बैंगन 60 रुपये
खीरा 60 रुपये
घीया 40 रुपये
प्याज 70 रुपये