अच्छी बारिश से पहाड़ पर सब्जियों की पैदावार बढ़ गई है, बावजूद इसके सब्जियों की भाव आसमान पर हैं। टमाटर के रेट पिछले सप्ताह के मुकाबले प्रति किलो करीब 20 रुपये बढ़ गए हैं। 20 से 30 रुपये तक बिकने वाला टमाटर अब 40 से 50 रुपये किलो बिक रहा है जबकि यह टमाटर पहाड़ से ही आ रहा है। इसके अलावा अन्य सब्जियां भी 10 से 20 रुपये महंगी हो गई हैं। इससे लोगों की थाली का स्वाद बिगड़ने लगा है।
सब्जी विक्रेताओं के अनुसार बारिश में टमाटर की फसल के खराब होने की आशंका सबसे ज्यादा होती है, इसलिए रेट बढ़ गए हैं। पिछले दो माह से सब्जियों के रेट बढ़े हुए हैं। ऐसे में एक मध्य वर्ग की सब्जी का साप्ताहिक थैला जो दो माह पहले 200 रुपये में बनता था, अब वह 500 रुपये में आ रहा है। ऐसे में शहरवासियों की रसोई का बजट हिल गया है। टमाटर के लगातार रेट बढ़ने से ज्यादा असर पड़ रहा है क्योंकि टमाटर के बिना रसोई चल ही नहीं सकती है।