श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी और फिर एसजीपीसी की तरफ से पंज प्यारों को निलंबित करने के विरोध में शुक्रवार को एसजीपीसी के एक कर्मचारी ने अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ के सामने इस्तीफा फेंक दिया और उनके खिलाफ नारेबाजी की।
मक्कड़ उस समय प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। एसजीपीसी में डाटा एंट्री ऑपरेटर रमनदीप सिंह वहां पहुंचा और मक्कड़ के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। उसे एसजीपीसी की टास्क फोर्स ने पकड़ लिया। रमनदीप ने कहा कि आज जो कुछ भी एसजीपीसी में हो रहा है, वह सब कुछ गलत है।
इसके जिम्मेदार मक्कड़ हैं। पंज प्यारों को निलंबित करके एसजीपीसी ने ठीक नहीं किया है। उसे आज ऐसा महसूस हुआ कि वह एसजीपीसी और गुरु घर की नहीं बल्कि मक्कड़ की नौकरी कर रहा है।
यह सब देखकर मक्कड़ समेत वहां मौजूद सभी अधिकारी हैरान रह गए। मक्कड़ ने उसी समय अधिकारियों को उसे बर्खास्त करने के आदेश दिए।