चंडीगढ़। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद की अभद्र टिप्पणी के खिलाफ प्रदेश भाजपा ने वीरवार को जोरदार प्रदर्शन किया। मेयर सरबजीत कौर समेत कई पार्षद व भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने निकले। रास्ते में पुलिस ने रोका तो सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि कार्यकर्ता सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में एकत्रित हुए और कांग्रेस विरोधी नारेबाजी की। इसके बाद प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी व मेयर सरबजीत कौर के नेतृत्व में सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस कार्यालय की तरफ कूच किया। रास्ते में सेक्टर-34 में आकाशवाणी भवन के पास पुलिस द्वारा रोके जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहीं सड़क पर बैठक कर नारेबाजी की। इस दौरान रामवीर भट्टी, मेयर सरबजीत कौर, उपाध्यक्ष देवेंदर सिंह बबला, पूर्व मेयर आशा जसवाल, रविकांत शर्मा, सीनियर डिप्टी मेयर दिलीप शर्मा, अनिल दुबे, शक्ति प्रकाश देवशाली, जिला अध्यक्ष नरेश पांचाल, मनीष भसीन आदि नेताओं ने संबोधित किया। इनका कहना था कि राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च सांविधानिक पद होता है। राष्ट्रपति पद की गरिमा बरकरार रखना व उसका सम्मान करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है लेकिन कांग्रेस के एक सांसद ने उन पर अभद्र टिप्पणी की है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह सीधे तौर पर सर्वोच्च सांविधानिक पद का अपमान है और यह अपमान केवल राष्ट्रपति पद का नही बल्कि पूरे देश का है।
कहा- सोनिया गांधी समेत पूरी कांग्रेस मांगे माफी
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने पूरी नारी जाति, आदिवासी समाज, गरीब व दबे कुचले समाज का अपमान है। इसके लिए सोनिया गांधी सहित पूरी कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शन में डिप्टी मेयर अनूप गुप्ता, पार्षद मनोज सोनकर, हरजीत सिंह, गुरचरण सिंह काला, कनवर राणा, प्रदेश पदाधिकारी तजिंदर सिंह सरां, कैलाश चंद जैन, देवी सिंह के अलावा सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला व मोर्चा कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित रहे।