चंडीगढ़। लाल डोरे के बाहर के घरों को अस्थायी पानी कनेक्शन देने की दिशा में नगर निगम एक बार फिर कदम बढ़ाने जा रहा है। 3 जून को होने वाली सदन की बैठक में इस प्रस्ताव को दोबारा लाया जाएगा। इस बार निगम ने विभिन्न राज्यों की अदालतों के फैसलों को आधार बनाकर नया प्रस्ताव तैयार किया है।
लाल डोरे के बाहर के घरों को पानी का कनेक्शन देने की मांग काफी पुरानी है। नगर निगम खुद कई बार प्रस्ताव को पास करके प्रशासन को भेज चुका है, लेकिन प्रशासन हर बार इसे खारिज कर देता है। इस बार निगम ने पहले से अधिक ठोस आधार तैयार किया है। प्रस्ताव को मजबूत बनाने के लिए निगम ने उन राज्यों की अदालतों के फैसलों का हवाला दिया है जहां इसी तरह के मामलों में लोगों को अस्थायी जल आपूर्ति की अनुमति दी गई है। इन न्यायिक निर्णयों को मिसाल के तौर पर पेश करते हुए निगम ने तर्क दिया है कि पानी एक मूलभूत आवश्यकता है और इसे कानूनी या तकनीकी अड़चनों की वजह से नहीं रोका जाना चाहिए।
मेयर हरप्रीत कौर बबला ने बताया कि सदन की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव लाया जाएगा और फिर प्रशासन को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इस बार उम्मीद है कि प्रशासन की मंजूरी मिल जाएगी। इसी साल 17 फरवरी को भी निगम ने यह एजेंडा पास किया था, लेकिन प्रशासन ने मना कर दिया था।
मंजूरी मिली तो 22 गांव के 2500 से ज्यादा लोगों को मिलेगा कनेक्शन
वर्ष 2021 में नगर निगम की सदन की बैठक में लाल डोरे के बाहर के घरों को पानी का कनेक्शन देने का प्रस्ताव पास हो गया था, लेकिन प्रशासन ने मंजूरी नहीं दी। पिछले साल अक्तूबर में एक कमेटी भी बनी थी, जिसने कानूनी पहलुओं का अध्ययन किया था। अगर अब प्रशासन मंजूरी देता है तो 22 गांव में 2500 से ज्यादा लोगों को कनेक्शन मिलेंगे।
लाल डोरे के बाहर रहने वाले लोगों को पानी का कनेक्शन मिलना चाहिए। इसके लिए कई अदालतों के आदेशों को आधार बनाकर दोबारा प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इस बार उम्मीद है कि मंजूरी मिल जाएगी जिससे हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। - हरप्रीत कौर, मेयर