चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) के चुनाव पीयू के कोई पांच सीनियर प्रोफेसर भी करवा सकते हैं। ऐसी योजना बनाई जा रही है। यह पांच प्रोफेसर कौन होंगे, यह तय किया जा रहा है। एकाध दिन में सबकुछ फाइनल हो जाएगा।
पुटा चुनाव के पदाधिकारी अपने कार्यकाल के समापन से पहले चुनाव अधिकारी नियुक्त कर गए। जिस नाम का चयन इसके लिए किया गया था उस पर कई शिक्षकों ने आपत्तियां दायर कर दीं। किसी ने पक्षपात करने का आरोप लगाया तो किसी ने कुछ। शिक्षक आए दिन इसको लेकर बैठक कर रहे हैं। शिक्षकों ने खुलेआम पत्र भी लिखे और चुनाव अधिकारी बदले जाने की मांग रखी। इसी को लेकर पुटा के पूर्व अध्यक्ष मिलकर बैठकें कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि उनका सोचना है कि चुनाव कराने का जिम्मा पांच सीनियर प्रोफेसर्स को दे दिया जाए ताकि शिक्षक समाज शांत हो जाए और अपनी एसोसिएशन का गठन कर ले। इस पर निर्णय होने के बाद चुनाव की तिथियां तय होंगी।