चार जून को सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना, उपायुक्तों को दिशा-निर्देश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में 25 मई को मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारी है। चार जून की तारीख का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इसके लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए सभी अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में सभी उपायुक्तों को उचित दिशा-निर्देश दे दिए हैं। वहीं, हरियाणा में मतदान होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए कुल 91 स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए हैं। इनमें दस लोकसभा क्षेत्रों के लिए 90 और एक करनाल विधानसभा के लिए स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। अधिकारियों ने बताया स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पूरी पुख्ता है। रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) एक दिन में तीन बार स्ट्रॉन्ग रूम का दौरा कर रहे हैं।
चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए पूरी तैयारियां कर ली है। कई जिलों में मतगणना के लिए ड्यूटी देने वाले स्टाफ का राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रेंडमाइजेंशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। हर जिले में मतगणना के लिए विधानसभा के हिसाब से टेबल लगाई जाएंगी। ईवीएम की मतगणना टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग सहायक और काउंटिंग माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। मतगणना टेबल पर अभ्यर्थी के काउंटिंग एजेंट भी रहेंगे। वहीं, मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी होगी। धारा-144 भी लगाई जाएगी। स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए हैं। कमरों के अंदर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है। स्ट्रॉन्ग रूम में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को रखने और कमरे को सील करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी पहले ही की जा चुकी है। उम्मीदवारों या उनके चुनावी एजेंटों के लिए स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर शौचालय, पीने का पानी और शेड की सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। वहीं, कांग्र्रेस के कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर पहरा दे रहे हैं। भाजपा व अन्य दलों की ओर से कोई पहरा नहीं दिया जा रहा। कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर पहरा दे रहे हैं।
पूरे चुनाव में 75.44 करोड़ रुपये की अवैध शराब, नकदी व मादक पदार्थ जब्त
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 28 मई तक राज्य में कुल 76.74 करोड़ रुपये की नकद राशि, अवैध शराब, मादक पदार्थ व कीमती वस्तुएं जब्त की गई हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में 18.36 करोड़ रुपये की नकदी, अवैध शराब, मादक पदार्थ व कीमती वस्तुएं जब्त की गईं थी। पुलिस की ओर से 724.80 लाख रुपये, आयकर विभाग की ओर से 938.69 लाख रुपये और डीआरआई की ओर से 278 लाख रुपये की नकद राशि जब्त की गई है। इसके अलावा अन्य एजेंसियों द्वारा भी नकदी पकड़ी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक विभिन्न एजेंसियों द्वारा कुल 13.50 करोड़ रुपये की कीमत की 4.10 लाख लीटर से अधिक अवैध शराब पकड़ी गई है। इसमें मुख्य रूप से पुलिस द्वारा 951.33 लाख रुपये की कीमत की 300833 लीटर और आबकारी विभाग द्वारा 409 लाख रुपये की कीमत की 1,09,583 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई है। एजेंसियों द्वारा कुल 14.08 करोड़ रुपये की कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस द्वारा 13.99 करोड़ रुपये की कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसके अलावा, एनसीबी ने भी 2 किलोग्राम मादक पदार्थ पकड़े हैं, जिनकी कीमत 4 लाख रुपये है। इतना ही नहीं, 26.12 करोड़ रुपये के कीमती सामान और 3.49 करोड़ रुपये की अन्य वस्तुओं को भी जब्त किया गया है।