पंजाब में 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत तीन राजनीतिक दलों कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल द्वारा बठिंडा से की जा रही है। 17 दिसंबर को कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू गांव महिराज में रैली को संबोधित करेंगे। वहीं अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान मौड मंडी में रैली करेंगे। इसके अगले दिन ही शिअद द्वारा यूथ रैली का आयोजन भी मौड मंडी में किया जा रहा है, जिसमें शिअद के बड़े नेता पहुंचेंगे।
गांव महिराज में कांग्रेस नेता रघुवीर सिंह राजा द्वारा 17 दिसंबर को एक रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विशेष तौर पर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू शामिल होंगे। इस रैली में सिद्धू के अलावा कांग्रेस के अन्य नेता भी शमूलियत करेगें। लेकिन सिद्धू द्वारा सरकार की लोक विरोधी नीतियों को लोगों के बीच रखा जाएगा। सूत्रों के अनुसार, रैली से ही कांग्रेस 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की शुरुआत करेगी। इस रैली के बाद बठिंडा के तलवंडी साबो एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस के नेता रैलियां करेंगे।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 17 दिसंबर को मौड एरिया में रैली को संबोधित करेंगे। रैली में केजरीवाल एवं मान राज्य सरकार द्वारा किए गए कामों को लोगों के बीच रखेंगे और लोकसभा चुनाव के लिए वोट मांगेंगे। सूत्रों का दावा है कि उसी दिन राज्य के लिए बड़ा एलान किया जा सकता है।
कांग्रेस एवं आप की रैली के बाद शिअद की तरफ 19 दिसंबर को मौड मंडी में यूथ रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस कारण शिअद के यूथ नेता गुरप्रीत सिंह मलूका द्वारा मौड एरिया के गांव बदियाला, डिक्ख, सूच, सुक्खा सिंह वाला, घुम्मन खुर्द में जाकर यूथ वर्करों एवं पार्टी के अन्य वर्करों और नेताओं के साथ बैठकें की जा रही है। मलूका द्वारा पार्टी वर्करों को अपील की जा रही है कि रैली में ज्यादा से ज्यादा यूथ पहुंचे।
हरसिमरत हो सकती हैं बठिंडा से अकाली प्रत्याशी
2024 के लोकसभा चुनाव में अगल बठिंडा लोकसभा हलके से शिअद की तरफ से हरसिमरत कौर बादल को प्रत्याशी बनाया जाता है तो दूसरी तरफ कांग्रेस की ओर से भी एक पूर्व मंत्री की पत्नी को चुनाव मैदान में प्रत्याशी बनाकर उतारा जा सकता है। इसके चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर शिअद एवं कांग्रेस द्वारा महिलाओं को लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा जाता है तो दोनों ही प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर होगी। वहीं सूबे की आम आदमी पार्टी के किसी भी संभावी नेता का अभी तक बठिंडा लोकसभा सीट से नाम सामने नहीं आया है।