शहर में रविवार को हुई बारिश के साथ ही प्री-मानसून ने दस्तक दे दी। मौसम विभाग का दावा है कि अगले तीन से चार दिनों में चंडीगढ़ सहित पूरे हरियाणा-पंजाब में मानसून आ सकता है।
आमतौर पर 29 या 30 जून को चंडीगढ़ में मानसून आता है, लेकिन इस बार कुछ जल्दी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक तरफ उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है तो दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में उच्च स्तरीय का दबाव बना है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से इस इलाके में अगले दो दिन और बारिश की उम्मीद है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में दबाव बना रहेगा। इससे मानसून को आगे बढ़ने में मदद मिल रही है। मौसम विभाग का यह भी दावा है कि अगले 24 घंटे में मानसून बिहार पहुंचा सकता है।
शहरों का हाल
शहर--------अधिकतम-------न्यूनतम-----बारिश
चंडीगढ़---------34----------26.6--------8.7
शिमला---------24.5--------16.9---------13
अमृतसर---------37---------24.8---------0.0
पटियाला--------33.5--------24.6---------11
लुधियाना-------35.4---------25.1---------0.0
अंबाला---------34.0---------25.6---------0.7
ऐसा है अनुमान
प्री-मानसून की वजह से सोमवार और मंगलवार को बारिश होने की उम्मीद है। 25 व 26 जून को भी बारिश होगी। 27 के बाद बारिश थोड़ी कमजोर पड़ जाएगी। उसके बाद जुलाई के पहले हफ्ते में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 और 25 जून को हरियाणा व पंजाब के एक-दो इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
रविवार को प्री-मानसून के बादल हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली एनसीआर, राजस्थान, यूपी के कुछ हिस्से, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बरसे। सुबह साढ़े आठ बजे तक पंजाब के पटियाला में 30 मिमी, जम्मू-कश्मीर के कटरा में 50 मिमी, उत्तराखंड के पंत नगर में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।