चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की सेक्टर-2 स्थित कोठी में सीढ़ियों से गिरकर माली की मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में कोठी की पहली मंजिल से माली का पैर फिसलने से हादसा हुआ है। मृतक की पहचान गोली (22) के रूप में हुई है। गोली बीते करीब 25 दिनों से कोठी में माली का काम कर रहा था। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामले में 174 सीआरपीसी के तहत मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती निवासी गोली सेक्टर-2 स्थित पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की कोठी में काम करता था। बताया गया कि रोजाना की तरह बीते वीरवार रात खाना खाने के बाद टहल रहा था। इसी दौरान वह कोठी की पहली मंजिल पर पहुंचा, जहां से पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसे फौरन जीएमएसएच-16 में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जांच में माली के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था, जहां कोविड-19 की रिपोर्ट आने के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, शुरुआती जांच में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है। दूसरी तरफ बादल परिवार से संपर्क साधा गया लेकिन कोई संपर्क नहीं हो सका।