मनीमाजरा। पुराने कस्बे मनीमाजरा के वार्ड नंबर-5 की राजनीति में शनिवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब समाजसेवी प्रदीप गौतम अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। यह कार्यक्रम कांग्रेस भवन सेक्टर-35 में आयोजित हुआ, जहां चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने उनका स्वागत किया और उन्हें पार्टी का पटका पहनाया।
प्रदीप गौतम ने कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय गणमान्य लोग भी कांग्रेस में शामिल हुए। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने उन्हें संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह कदम वार्ड नंबर-5 के आगामी नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। इससे क्षेत्र के चुनावी समीकरणों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।