संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। रामगढ़ जाने वाली मुबारकपुर-रामगढ़ सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। इस मुख्य सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और हादसों का खतरा हर समय बना रहता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह सड़क लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही है लेकिन प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
खराब सड़क के कारण वाहनों को भी नुकसान हो रहा है और कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। कुछ साल पहले तो इस सड़क पर बने गड्ढे में एक स्कूल बस भी फंस गई थी, जिसके कारण कई घंटे जाम लगा रहा। बता दें कि इस सड़क का मुबारकपुर वाला हिस्सा भी खास तौर पर प्रभावित है। कई बार गंदे पानी की निकासी न होने के कारण पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे गड्ढे और भी खतरनाक हो जाते हैं। हाल ही में बाढ़ से खराब हुई सड़कों की मरम्मत के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन मुख्य लिंक रोड अभी भी खराब हालत में है।
प्रचार पर खर्च, सड़क मरम्मत में लापरवाही
वाहन चालकों का कहना है कि सरकार एक तरफ करोड़ों रुपए विकास कार्य और प्रचार पर खर्च करने के दावे कर रही हैं, वहीं लोगों को रोजाना इस्तेमाल की जाने वाली मुख्य सड़कों पर इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की मांग है कि प्रचार पर लाखों रुपए खर्च करने की बजाय सरकार और संबंधित विभाग तुरंत इस सड़क की मरम्मत करवाएं, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।